लखनऊ । यूपी में इंडिया गठबंधन के घटक दल सपा-कांग्रेस के बीच गठबंधन तय हो चुका है। कांग्रेस 17 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। बताया जा रहा है कि गठबंधन में अहम भूमिका प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव की रही।दोनों नेताओं के बीच फोन पर विस्तार से चर्चा हुई जिसके बाद गठबंधन को अंतिम रूप देने पर फैसला हुआ। दोनों दलों के बीच हुए निर्णय के मुताबिक, कांग्रेस 17 सीटों पर लड़ेगी। बाकी सीटों पर सपा अपने प्रत्याशी उतारेगी। हाथरस सीट से सपा और सीतापुर सीट से कांग्रेस का उम्मीदवार लड़ेगा।

अमेठी ओर रायबरेली सीट पर कांग्रेस ही चुनाव लड़ेगी। दोनों दलों की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी, जिसमें कांग्रेस से अविनाश पांडे व अजय राय और सपा से राजेंद्र चौधरी और नरेश उत्तम पटेल मौजूद रहेंगे।

दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बना गतिरोध कल रात तक जारी रहा जिसके कारण सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव घोषणा करने के बावजूद रायबरेली में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल नहीं हुए। न्याय यात्रा मंगलवार को अमेठी, रायबरेली से होते हुए लखनऊ आई और बुधवार सुबह उन्नाव के लिए रवाना हो गई।

लखनऊ में भी राहुल की यात्रा में सपा का कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं हुआ। इससे यह मान लिया गया था कि यूपी में भी इंडिया गठबंधन टूट गया है। सपा ने भी मंगलवार देर शाम 11 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी थी। इसमें वाराणसी सीट पर भी अपना प्रत्याशी उतार दिया जो कि पहले कांग्रेस को देने की बात कही गई थी। हालांकि, कांग्रेस के सहमत हो जाने के बाद यूपी में इंडिया गठबंधन बना रहेगा।

सपा ने अब तक 31 सीटों पर प्रत्याशी उतारे
सपा ने मंगलवार को प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी की थी। सपा की पहली सूची 30 जनवरी को सामने आई थी। जिसमें 16 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई थी। इसके बाद 19 फरवरी को दूसरी और 20 फरवरी को तीसरी सूची जारी की। सपा ने अब तक यूपी की 80 लोकसभा सीट पर 31 उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *