श्रीनगर,(भाषा)। जम्मू-कश्मीर में गुलमर्ग और पहलगाम के ऊंचाई वाले कई इलाकों में बर्फबारी जबकि मैदानी इलाकों में बारिश हुयी। मौसम विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले के लोकप्रिय स्की रिजॉर्ट गुलमर्ग सहित कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में रात के समय हिमपात हुआ। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पर्यटन स्थल पहलगाम में लगभग तीन इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के गुरेज समेत कुछ अन्य इलाकों में भी बर्फबारी हुई। उन्होंने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में श्रीनगर-लेह राजमार्ग के किनारे द्रास शहर में भी बर्फबारी देखने को मिली। अधिकारियों ने बतायाकि ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर समेत कश्मीर घाटी के मैदानी इलाकों में सुबह तक बारिश जारी रही। मौसम विभाग ने बताया कि रविवार को कुछ स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है।
पंजाब के कई हिस्सों में बारिश
चंडीगढ़, (भाषा)। पंजाब के कई हिस्सों में बारिश हुई जिसके बाद शनिवार को राज्य तथा पड़ोसी हरियाणा में न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर के आसपास रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, लुधियाना में 15.4 मिमी, अमृतसर में 4.2, पटियाला में दो, पठानकोट में एक, बठिंडा में सात मिमी और फरीदकोट में 4.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में 8.6 और हरियाणा के अंबाला में 5.6 मिलीमीटर बारिश हुई।
राजस्थान में बारिश से तापमान में गिरावट
जयपुर, (भाषा)। पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते राजस्थान के कई हिस्सों में बीते चौबीस घंटे में हल्की बारिश दर्ज की गई और अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य के बीकानेर, कोटा और जयपुर संभाग में कहीं-कहीं बादलों की गरज के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक बारिश रायसिंहनगर गंगानगर में 16.2 मिलीमीटर दर्ज की गई।
मौसम में आए बदलाव के कारण पिछले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार गंगानगर, हनुमानगढ़ व आसपास में कहीं-कहीं बादलों की गरज के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। शेष अधिकतर भागों में आगामी चार-पांच दिन मौसम मुख्यत: शुष्क बने रहने की संभावना है। वहीं एक और नया पश्चिमी विक्षोभ 5-6 अप्रैल को राज्य के कुछ भागों में सक्रिय होने की संभावना है। अगले पांच दिन राज्य में लू चलने की संभावना नहीं है। साथ ही अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे (औसत के आसपास) रह सकता है।