वाराणसी। आवास विकास कॉलोनी में स्थित पार्क में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल, पूर्व सांसद राजेश मिश्रा और मेयर अशोक तिवारी मौजूद रहे। कार्यक्रम आयोजकों की ओर से अंगवस्त्रम व माल्यार्पण कर अतिथियों का स्वागत किया गया। राज्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।राज्यमंत्री ने लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं। वहीं विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने अपना दल (कमेरावादी) की पल्लवी पटेल और एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की गठबंधन को लेकर कहा कि ये दोनों दगे कारतूस हैं। कार्डियक अरेस्ट से हुई मुख्तार अंसारी की मौत को लेकर रविंद्र जायसवाल ने कहा कि बहुत से ऐसे अपराधी हैं, जिनकी बीमारी के कारण जेल के अंदर ही मौत हो गई। उस समय हल्ला बोल करने वाले आखिर उन पर क्यों नहीं बोलते है। मुख्तार अंसारी के कहने पर 65 बार उनकी जांच कराई गई और 13 बार डॉक्टरों की टीम बनाई गई। जिसकी मौत बीमारी के कारण लिखी हुई है, तो उसे लेकर इस तरह से सवाल खड़े करना शर्म की बात है।

पूर्व सांसद राजेश मिश्रा ने कहा कि होली मिलन समारोह बनारस की परंपरा रही है। लोगों से यह अपील है कि चुनाव ऐसा काम करें कि 4 जून को बनारस में ऐतिहासिक होली हो। कहा कि गठबंधन नीतियों व लक्ष्य को लेकर होते हैं, लेकिन विपक्ष के पास न तो कोई नीति है और न ही कोई लक्ष्य है। जनता का गठबंधन मोदी जी के साथ है। ऐसे में विपक्षी गठबंधन का कोई मतलब नहीं है।