गोंदिया ।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को विपक्षी गठबंधन इंडिया पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने विपक्षियों को भ्रष्टाचारी बताते हुए कहा विपक्षी गठबंधन के आधे नेता जेल में और आधे जमानत पर बाहर हैं। 

गोंदिया जिले के लोगों से बोले नड्डा 
महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा, ‘एक तरफ पीएम मोदी भ्रष्टाचारियों को सजा देने की बात करते हैं। वहीं, इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) गठबंधन का कहना है कि भ्रष्टाचारियों को बचाया जाना चाहिए। अब आपको चुनना है कि भ्रष्टाचारियों को बचाना है या उन्हें सजा मिलनी चाहिए। सोनिया गांधी, राहुल गांधी, पी चिदंबरम, लालू यादव और उनके दोनों बेटे क्या ये सब केवल जमानत पर नहीं हैं? अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन ये सब जेल में नहीं हैं? आधे जमानत पर हैं, आधे जेल में हैं।

विपक्षियों पर लगे आरोप गिनाए
जेपी नड्डा ने विपक्षी नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों पर जोर देते हुए कहा, ‘कांग्रेस ने कोयला घोटाला, अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर घोटाला, पनडुब्बी घोटाला, चावल, चीनी, 2जी/3जी घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला किया। अखिलेश यादव ने लैपटॉप घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट में भ्रष्टाचार किया। लालू यादव ने चारा घोटाला किया था। उन्होंने नौकरी के बदले जमीन के घोटाले में भ्रष्टाचार किया। ममता बनर्जी ने शिक्षक भर्ती घोटाला, पशु तस्करी घोटाला, रेत घोटाला किया।’गौरतलब है, हाल के दिनों में कई विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया गया है, जिसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया है। केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित आबकारी नीति घोटाले में गिरफ्तार किया था। बीआरएस नेता के. कविता को भी हाल ही में इस मामले में गिरफ्तार किया गया था।

विपक्ष का एजेंडा- ‘मोदी हटाओ, मोदी को गाली दो’,
जेपी नड्डा ने कहा, ‘इंडी गठबंधन के पास देश के विकास का कोई एजेंडा नहीं है। इनका एक ही एजेंडा है- मोदी हटाओ, मोदी को गाली दो।’ उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज की पुण्यभूमि महाराष्ट्र के गोंदिया में भारतीय जनता पार्टी के लिए यह उत्साह और प्रचंड समर्थन जनता-जनार्दन द्वारा ‘अबकी बार- 400 पार’ का उद्घोष है। विपक्षी गठबंधन अपनी हार देखकर हताशा में हैं इसलिए वे लोगों को गुमराह कर रहे हैं। ये सिर्फ भ्रष्टाचारियों को और अपने परिवार को बचाने वालों का गठबंधन है। इनका काम सिर्फ घोटाला करना है।

जन-जन मोदी जी के साथ
उन्होंने कहा कि कल्याणकारी योजनाओं के द्वारा हर वर्ग का उत्थान करने के साथ हमारी विरासत व संस्कृति को सम्मान देकर देश को स्वाभिमान से परिपूर्ण किया है, इसलिए आज जन-जन मोदी जी के साथ है। नड्डा ने आगे कहा कि साल 2014 से पहले देश में आए दिन आतंकी घटनाएं होती थीं, घोटाले होते थे और नीतियां एयर कंडीशन कमरे में बना करती थी। पर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमने 10 साल विकास, सांस्कृतिक विरासत के उत्थान, किसानों को ताकत मिलने का काल देखा, महिलाओं के सशक्तिकरण और दुनिया में भारत को अग्रणी बनता देखा।

भाजपा नेता ने कहा, ‘हमारे विपक्षी दल बहुत घबराए हुए है, हताशा में हैं, निराशा में हैं, नए नए तरीकों से समाज को खंडित करने का प्रयास कर रहे हैं। इंडी गठबंधन का जातीय जनगणना का मकसद देश को जातियों में बांटने का है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *