केजरीवाल की पत्नी सुनीता, हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना रहीं शामिल,मोदी आंधी की तरह आए थे और तूफान की तरह चले जाएंगे- तेजस्वी
नयी दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आज रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन ‘इंडियाÓ की महारैली में आम आदमी पार्टी के साथ-साथ देश भर के तमाम विपक्षी दलों के नेताओं ने भाग लिया।
‘इंडियाÓ गठबंधन की महारैली को संबोधित करते हुए बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री व आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हम लोगों ने पहली रैली पटना में की, दूसरी मुंबई में की और तीसरी दिल्ली में हो रही है। देश के कोने-कोने में जहां भी हम जा रहे हैं, वहां जनता का साथ मिल रहा है। जिस हिसाब से देश को बांटने का काम किया जा रहा है। नफरत की राजनीति की जा रही है। हम चाहते हैं कि इस लड़ाई में हमें आपका साथ मिले। जो लोग नारा लगाते हैं कि अबकी बार 400 पार, उनका मुंह है, कुछ भी बोलेंगे लेकिन एक बात तय है कि जनता ही मालिक है। इंडिया अलायंस रैली में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा कि आपके अपने केजरीवाल ने जेल से आपके लिए एक संदेश भेजा है। इस संदेश को पढऩे से पहले, मैं आपसे कुछ पूछना चाहूंगी। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरे पति को जेल में डाल दिया, क्या प्रधानमंत्री ने सही काम किया? क्या आप मानते हैं कि केजरीवाल जी एक सच्चे देशभक्त और ईमानदार व्यक्ति हैं? ‘इंडियाÓ गठबंधन की महारैली को संबोधित करते हुए पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा, आज देश बहुत मुश्किल हालात से गुजर रहा है। ऐसा हाल है, ना कोई वकील, ना कोई दलील, ना कोई कार्रवाई, सीधा जेल। शायद कलयुग का अमृतकाल इसी को कहते हैं कि आप बिना कुछ पूछे लोगों को जेल में डाल देते हैं। ‘इंडियाÓ गठबंधन की महारैली को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा, आप (कल्पना सोरेन और सुनीता केजरीवाल) चिंता मत करो, सिर्फ हम ही नहीं पूरा देश आपके साथ है।
कुछ दिन पहले आशंका थी कि क्या हमारा देश तानाशाही की ओर चल रहा है? लेकिन अब ये आशंका नहीं सच्चाई है।
भाजपा को लग रहा होगा कि अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन को गिरफ्तार करने से लोग डर जाएंगे लेकिन उन्होंने अपने देशवासियों को कभी पहचाना नहीं।