नयी दिल्ली, (भाषा)। आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आबकारी नीति मामले में जेल की सलाखों के पीछे डालने की साजिश रची। सिंह ने जेल से बाहर आने के दो दिन बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए भाजपा पर केजरीवाल के खिलाफ गलत बयान देने के लिए मगुंटा राघव रेड्डी पर दबाव बनाने का भी आरोप लगाया। रेड्डी दिल्ली आबकारी नीति मामले में आरोपी से सरकारी गवाह बने हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल को 21 मार्च को आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन के मामले में गिरफ्तार किया गया है। सिंह ने कहा कि राघव रेड्डी के पिता, वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के लोकसभा सांसद मगुंटा श्रीनिवासुलु रेड्डी के खिलाफ 16 सितंबर, 2022 को कार्रवाई की गई थी। सिंह को भी आबकारी नीति मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। सिंह ने आरोप लगाया, उन (श्रीनिवासुलु रेड्डी) पर केजरीवाल के खिलाफ गलत बयान देने के लिए दबाव डाला गया लेकिन जब उन्होंने इनकार कर दिया तो उनके बेटे राघव रेड्डी को गिरफ्तार कर लिया गया। लगातार पूछताछ के बाद राघव रेड्डी ने केजरीवाल के खिलाफ अपना बयान बदल दिया और वह भी एक बड़ी साजिश का हिस्सा बन गए। सिंह ने आरोप लगाया, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सलाखों के पीछे डालने के लिए एक बड़ी साजिश रची गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *