पार्टी के खातों पर डलवा रही डाका
नयी दिल्ली, (भाषा)। कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर आर्थिक आतंकवाद शुरू करने का आरोप लगाया और दावा किया कि उसके खातों से 65 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ‘डाका डालकरÓ निकाल ली गई ताकि लोकसभा चुनाव से पहले उसे आर्थिक रूप से अपंग बनाया जा सके। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने यह आरोप भी लगाया कि भाजपा दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को ‘तानाशाही राजÓ में बदलने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को आर्थिक रूप से अपंग बनाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, यह कांग्रेस की आर्थिक रूप से हत्या करने का प्रयास नहीं है, बल्कि लोकतंत्र की हत्या है। रमेश ने दावा किया कि इस ‘कर आतंकवादी हमलेÓ के जरिये यह प्रयास हो रहा है कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव मजबूती से नहीं लड़ सके। वेणुगोपाल ने कहा, भाजपा द्वारा कांग्रेस के खिलाफ आर्थिक आतंकवाद शुरू किया गया है। हमें यह पैसा आम लोगों और कार्यकर्ताओं से मिला है। लोकसभा चुनाव से पहले मुख्य विपक्षी दल के खातों को एक तरह से हाईजैक कर लिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया, बुनियादी बात है कि बैंकों से हमारे पैसे चुराए जा रहे हैं… यह चुनाव में विपक्ष को समान अवसर से वंचित करने का प्रयास है। वेणुगोपाल ने कहा, हम लड़ेंगे। हम अधिकरण के पास गए हैं… हम जनता के पास जायेंगे, क्योंकि जनता ही मालिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को तानाशाही राज में बदलना चाहती है।
