Site icon sanmargvns.com

सरकार रक्षा बजट का बड़ा हिस्सा अडाणी की जेब में डाल रही-राहुल

सरकार रक्षा बजट का बड़ा हिस्सा अडाणी की जेब में डाल रही-राहुल

सासाराम, (भाषा)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर शुक्रवार को निशाना साधते हुए रक्षा बजट का एक बड़ा हिस्सा उद्योगपति गौतम अडाणी की जेब में डालने का आरोप लगाया। अपनी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान रोहतास जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, ‘मुझे आपको एक बात बतानी है कि वर्तमान में केंद्र का रक्षा बजट ‘जवानों के कल्याण के लिए नहीं है। सभी रक्षा ठेके केवल अडाणी समूह को जा रहे हैं। वास्तव में केंद्र सरकार रक्षा बजट के धन का एक बड़ा हिस्सा उद्योगपति गौतम अडाणी की जेब में डाल रही है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव और राहुल गांधी ने रोहतास जिले के डेहरी मुफस्सिल थाना अंतर्गत जमुहार से शुक्रवार को ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा को आगे बढ़ाया। तेजस्वी और राहुल एक लाल रंग की खुली जीप में सवार हुए। तेजस्वी जीप चला रहे थे और राहुल बगल की सीट में बैठे थे। जीप में पीछे लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार बैठी हुईं थीं। गांधी ने कहा, ”केंद्र ने सेनाओं के लिए जो कुछ भी खरीदा… हेलीकॉप्टर, सैन्य विमान, तोपें, कारतूस, राइफल और सभी आधुनिक हथियार, अडाणी समूह के स्वामित्व वाली कंपनी से ही खरीदा। आपको हर जगह (सभी रक्षा अनुबंधों में) अडाणी समूह का नाम मिलेगा।

Exit mobile version