पांच साल बाद गुजरात में प्रचार करने पहुंची
वलसाड। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के कई नेता गुजरात में प्रचार करेंगे। प्रियंका गांधी ने आज वलसाड के धरमपुर में कांग्रेस कैंडिडेट अनंत पटेल के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर कांग्रेस के चुनाव प्रचार का आगाज किया। प्रियंका गांधी पांच साल बाद गुजरात आई हैं। आखिरी बार मार्च 2019 में अहमदाबाद पहुंची थीं। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा, हमारी सरकार जहां भी है, हमने जो भी गारंटी दी है, उसे पूरा किया है। केंद्र सरकार संविधान बदलने की बात करती है, जबकि इसी संविधान ने ही हमें अधिकार दिया है। इसका मतलब केवल यह है कि वे लोकतंत्र को कमजोर करना चाहते हैं। जब मैं छोटी थी तो इंदिरा दादी और राजीव गांधी के साथ घूमती थी। मैं देखती थी कि कोई उनसे मिलकर छोटे से छोटा काम भी बोल दे तो वे कर देते थे। क्योंकि, उनमें अहंकार नहीं था। हमारे एक ही परिवार से दो-दो प्रधानमंत्री रहे हैं।
हम सत्ता में रह चुके हैं इसलिए सत्ता को समझते हैं। हम मोदी सरकार की तरह अहंकारी नहीं हैं और जिस नेता में भी अहंकार होता है उसका पतन निश्चित है। इस सरकार ने पिछले 10 सालों में दलित, आदिवासी या आम लोगों को मजबूत करने के लिए कुछ नहीं किया। इसने केवल उन्हें कमजोर करने का काम किया है। भाजपा सरकार का काम टीवी पर दिखाया जा रहा है, हकीकत में कुछ नहीं है। जब हमारी सरकार थी तो मीडिया हर दिन सवाल उठाया जाता था, जो लोकतंत्र के लिए अच्छा था। लेकिन, आज अलग ही स्थिति है। मोदी जी बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन सरकार के पास देश की गरीब जनता के लिए कुछ नहीं है, सरकार के पास जो है, वो अडानी-अंबाजी जैसे करोड़पतियों के लिए है।