सोनिया सहित दिग्गज नेता रहे मौजूद,के एल शर्मा ने अमेठी से भरा पर्चा,रायबरेली से भाजपा के दिनेश प्रताप सिंह ने भरा पर्चा
रायबरेली,(भाषा)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट से शुक्रवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इससे पहले अटकलें थी कि राहुल अमेठी और प्रियंका रायबरेली से चुनाव लड़ेंगी। पिछले दो दशक से उनकी मां सोनिया गांधी का निर्वाचन क्षेत्र रहा है। नामांकन पत्र दाखिल करते समय राहुल के साथ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी वाद्रा तथा उनके पति राबर्ट वाद्रा भी मौजूद थे। प्रतिष्ठित अमेठी सीट से कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा ने प्रियंका वाड्रा की उपस्थिति में नामांकन दाखिल किया।
फुरसतगंज हवाई अड्डे पर उतरने के बाद राहुल गांधी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान ‘इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) की सहयोगी समाजवादी पार्टी (सपा) की जिला इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र यादव भी कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद थे।
रायबरेली से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह ने भी आज ही अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। रायबरेली सीट पर 20 मई को मतदान होना है। किशोरी लाल शर्मा ने कहा- अमेठी का रण जनता के हाथ में है। वो किसे जिताएगी और किसे हराएगी। हमारा संगठन यहां पहले से काम कर रहा है। हम उसी के बल पर चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे। चुनाव तो औपचारिकता है। जनता बहुत पहले ही मन बना लेती है कि पहले जिसे मतदान दिया गया था वो सही था या गलत।
पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा- राहुल को अमेठी लडऩा चाहिए था। अमेठी से भागने से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और पूरे देश में ये संदेश जाएगा कि जो आदमी रोज पीएम नरेंद्र मोदी को चुनौती देता था, रोज अपने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और देश की जनता से कहता था कि डरो मत, वो खुद डर गया।
मुझे लगता है कि ये कांग्रेस का दुर्भाग्य है।”
