लखनऊ। पड़ोसी राज्य बिहार में पुलों के गिर जाने की घटनाओं को संज्ञान में लेते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने 700 पुराने पुलों समेत सभी पुलों का सर्वेक्षण शुरू किया है। यह जानकारी लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने शुक्रवार को दी। सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “बिहार में एक के बाद एक पुल ढहने की घटनाओं की वजह से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया है कि सभी पुलों का सर्वेक्षण किया जाए। इसलिए सभी पुलों का सर्वेक्षण किया जाना चाहिए।” बिहार में बुधवार को और एक पुल ढह गया जिससे राज्य में पुल ढहने की यह 13वीं घटना है। 

पुल ढहने की यह घटना सहरसा जिले के महिषी गांव में घटी। यह पूछे जाने पर अभी तक कितने पुल अनुपयुक्त (कमजोर) घोषित किए गए हैं, सिंह ने कहा, “फिलहाल इसकी कोई सटीक संख्या नहीं है, हमारा सर्वेक्षण अभी चल ही रहा है।” मीडिया के एक वर्ग में यह कहे जाने पर कि उत्तर प्रदेश में 80 पुल अनुपयुक्त हैं, मंत्री ने कहा, “वर्तमान में मेरे पास वास्तविक संख्या नहीं है। प्रदेश में 80 पुल ऐसे हैं जिनकी ठीक से मरम्मत कराए जाने जरूरत है।” उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोक निर्माण विभाग के 1,000 से अधिक पुल हैं तथा जिन पुलों की हालत ठीक नहीं है, उन्हें यातायात के लिए बंद किया जाएगा और जिनकी मरम्मत कराए जाने की जरूरत है, उनकी मरम्मत कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *