Site icon sanmargvns.com

किसान आंदोलन का चौथा दिन शंभू बॉर्डर पर सब इंस्पेक्टर की मौत

किसान आंदोलन का चौथा दिन                            शंभू बॉर्डर पर सब इंस्पेक्टर की मौत

अंबाला। किसानों के दिल्ली कूच का आज चौथा दिन है। अंबाला शंभू बॉर्डर में तैनात जीआरपी के एसआई हीरालाल की मौत हो गई। इसकी वजह आंसू गैस के गोले से दम घुटना बताई जा रही है। वहीं आज फिर शंभू बॉर्डर पर तनाव की स्थिति बन गई है। फिर पुलिस और किसान आमने-सामने हो गए है। पुलिस ने फिर आंसू गैस के गोले दागे।
आज सुबह भी शंभू बॉर्डर पर एक किसान की मौत हो गई थी। किसान की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक किसान की पहचान ज्ञान सिंह रुप में हुई है।
गुरुवार को चंडीगढ़ में किसान नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों के बीच तीसरे दौर की बातचीत भी बेनतीजा रही। बैठक देर रात में करीब साढ़े 5 घंटे चली। सूत्रों के अनुसार, सरकार ने एमएसपी पर कानून बनाने के लिए कमेटी बनाने का प्रस्ताव दिया, जिसमें किसान और सरकार दोनों के प्रतिनिधि होंगे। किसान नेता एमएसपी गारंटी पर अड़े रहे। मीटिंग में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल, नित्यानंद राय के साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान भी मौजूद रहे। अब रविवार 18 फरवरी शाम 6 बजे फिर से बैठक होगी। तब तक दोनों पक्षों ने शांति बनाए रखने का आश्वासन दिया है।

सिसौली की पंचायत में तय होगी आगे की रणनीति- टिकैत

मुजफ्फरनगर, (भाषा)। किसान नेता और भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने शुक्रवार को संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) द्वारा दिए गए (भारत बंद) के आह्वान पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में भाग लिया। टिकैत ने बातचीत में कहा, हम फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी, स्वामीनाथन समिति की रिपोर्ट को लागू करने, किसानों की कर्ज माफी आदि मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या उनकी दिल्ली जाने की कोई योजना है, टिकैत ने कहा, शनिवार को सिसौली (मुजफ्फरनगर) में एक मासिक पंचायत है, उसमें आगे की रणनीति तय करेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा ने (भारत बंद) का आह्वान किया है। भारती किसान यूनियन, भारतीय किसान यूनियन, भारतीय किसान यूनियन , भारतीय किसान यूनियन और कीर्ति किसान यूनियन समेत कई किसान संगठन बंद में हिस्सा ले रहे हैं।

Exit mobile version