यूपी सहित नौ राज्यों में पारा 44 के पार,सड़कों पर फैला सन्नाटा

नई दिल्ली। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिन भयंकर गर्मी पड़ेगी और लू का कहर जारी रहेगा। इस दौरान तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि दर्ज की जा सकती है। देश के कई राज्यों में प्रचंड गर्मी का कहर बढ़ता जा रहा है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों को छोड़कर पूर्वी, मध्य और दक्षिण भारत के 15 से ज्यादा राज्य प्रचंड गर्मी और लू की चपेट में हैं। सुबह 8-9 बजे से दोपहर की गर्मी का एहसास होने लगता है। लू के थपेड़े जैसे इंसानों को झुलसा रहे हैं।

पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में अधिकतम पारा अभी से 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। इस बीच मौसम विभाग के ताजा अलर्ट ने और चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिन भयंकर लू का कहर होगा और भीषण गर्मी पड़ेगी। इस दौरान तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि दर्ज की जा सकती है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले पांच दिनों के लिए गर्मी और लू का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश, गंगा के तटीय पश्चिम बंगाल, उत्तरी रायलसीमा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, मराठवाड़ा, महाराष्ट्र के कुछ हिस्से, तेलंगाना, ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में प्रचंड गर्मी पड़ेगी और अधिकतम तापमान 42-44 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

आईएमडी के अनुसार, इस दौरान झारखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 40-42 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान रहने का अनुमान है। इस दौरान बंगाल के गंगा के तटीय इलाकों में भीषण लू चल सकती है। कर्नाटक के आंतरिक इलाकों, तमिलनाडु, पुडुचेरी, उत्तराखंड, विदर्भ और पश्चिमी मध्य प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री अधिक दर्ज हुआ है। मौसम विभाग ने बताया कि इस दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर के लगभग सभी राज्यों और महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक के कुछ इलाकों में तेज बारिश होने की भी संभावना है। रविवार को मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने का अनुमान है। इसके अलावा, इस दौरान महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ में 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

उत्तर भारत में नहीं गिरेगा तापमान
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है और उसके बाद इसमें कुछ कमी आएगी। अगले दो दिन के दौरान पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है। उसके बाद तापमान में 3 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है। उत्तर भारत में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *