नयी दिल्ली, (भाषा) पूर्वी दिल्ली में नौ साल की एक लड़की और उसका किशोर भाई शनिवार को अपने घर में मृत पाए गए तथा उनकी मां घायल अवस्था में मिली, जबकि उनके पिता का शव नजदीक ही रेल पटरी पर मिली है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक उन्हें अपराह्न दो बजे पांडव नगर के शशि गार्डन निवासी श्याम (42) के बारे में फोन आया कि वह लापता हैं और उनका घर शुक्रवार से बंद है। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि सूचना मिलने पर पुलिसकर्मियों की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घर को बाहर से बंद पाया और घर के अंदर से बदबू आ रही थी। घर के अंदर जाने पर उन्होंने 15 वर्षीय एक लड़के और नौ वर्षीय एक लड़की को मृत पाया और उनकी मां एक कमरे में बेहोश पड़ी थी। उन्होंने बताया कि पीडि़तों को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने बच्चों को मृत घोषित कर दिया, जबकि महिला का इलाज चल रहा है।अधिकारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही थी तभी उसे सूचना मिली कि श्यामजी का शव उसके घर के पास रेल पटरी पर मिला है।
राजस्थान में सड़क दुर्घटना में नौ लोगों की मौत
कोटा (राजस्थान), (भाषा) राजस्थान के झालावाड़ जिले में शनिवार देर रात एक कार और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर होने से नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। झालावाड़ की पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने ‘पीटीआई-भाषा को बताया कि यह दुर्घटना देर रात पौने तीन बजे एकलेरा गांव के पास हुई। उन्होंने कहा कि हादसे की चपेट में आए लोग एक विवाह समारोह में भाग लेकर भोपाल के डूंगरी गांव से लौट रहे थे। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और सात अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। अधिकारी ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसे झालावाड़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना में मारे गए लोगों की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच थी।