प्रधानमंत्री सहित एनडीए दलों के मुख्यमंत्री रहे शामिल

अमरावती, (भाषा)। तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर यह उनका चौथा कार्यकाल होगा। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री मौजूद थे। जनसेना प्रमुख एवं अभिनेता पवन कल्याण, चंद्रबाबू नायडू के बेटे नारा लोकेश समेत अन्य ने मंत्री पद की शपथ ली। आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर ने नायडू और अन्य को शपथ दिलाई।

केंद्रीय मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी तथा जे पी नड्डा और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी इस मौके पर मौजूद थे। पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, भारत के पूर्व प्रधान न्यायाधीश एन वी रमण और अभिनेता रजनीकांत तथा चिरंजीवी भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। चंद्रबाबू नायडू के साथ, के. अत्चन्नायडू (तेदेपा), नादेंदला मनोहर (जनसेना), पी नारायण (तेदेपा), कोल्लू रवींद्र (तेदेपा), निम्मला राम नायडू (तेदेपा) और सत्य कुमार यादव (भाजपा) ने मंत्री पद की शपथ ली। पवन कल्याण के नेतृत्व वाली पार्टी को कैबिनेट में तीन और भाजपा को एक मंत्री पद मिला है। आंध्र प्रदेश विधानसभा की सदस्य संख्या (175) के अनुसार, मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित 26 मंत्री हो सकते हैं। मंगलवार को अलग-अलग बैठकों में तेलुगु देशम विधायक दल और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सहयोगियों ने नायडू को अपना नेता चुना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *