Site icon sanmargvns.com

देवरिया में सिलेंडर फटने से महिला समेत परिवार के चार की मौत

देवरिया, (भाषा)। देवरिया जिले में शनिवार सुबह एलपीजी सिलेंडर फटने से एक महिला और उसके तीन बच्चों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि घटना भलुअनी थाना क्षेत्र के डुमरी गांव की है। पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने बताया कि गांव के निवासी शिवशंकर गुप्ता सुबह कहीं जाने की तैयारी कर रहे थे। करीब चार बजे जब उनकी पत्नी आरती चाय बना रही थीं, तभी सिलेंडर फट गया। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान आरती देवी (42), उनकी बेटी आंचल (14), सृष्टि (11) और बेटा कुंदन (12) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फॉरेंसिक और अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचीं और जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि संभवत: सिलेंडर में रिसाव के कारण यह घटना हुई होगी।

गैस चूल्हा जलाते ही धमाका, पांच झुलसे
शाहजहांपुर।
सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला दिलाजक में शनिवार सुबह नगर निगम में संविदा सफाई कर्मचारी भैयालाल के घर में गैस चूल्हा जलाते ही तेज धमाका हो गया। आग लगने से घर के पांच सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। सभी को गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि गैस लीक होने से यह घटना घटित हुई है। नगर निगम में संविदा सफाईकर्मी भैयालाल सदर बाजार थाना क्षेत्र के मोहल्ला दिलाजक में रहते हैं। भैयालाल के साथ उनका बेटा अनुज और बहू रोहिणी, उनकी दो बच्चियां अनुष्का और अंशिका भी रहते हैं।

Exit mobile version