लखनऊ। लोकसभा चुनाव 2024 का बिगुल बज चुका है। उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में सात चरणों में लोकसभा चुनाव सम्पन्न होंगे। इस बार एनडीए और ‘इंडियाÓ गठबंधन के बीच मुकाबला होने जा रहा है। हालांकि बहुजन समाज पार्टी समेत कई दल अभी भी अकेले दम पर ताल ठोक रहे हैं। इसी बीच देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश में एक तीसरा मोर्चा पीडीएम (पिछड़ा, दलित और मुस्लिम) भी विकल्प के रूप में खड़ा हो गया है। इसमें एआईएमआईएम और अपना दल कमेरावादी समेत कई दल शामिल है। पीडीएम ने शनिवार को प्रदेश की कुल 7 लोकसभा सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
पीडीएम गठबंधन की ओर से 13 अप्रैल को उम्मीदवारों की पहली सूची कर दी है। इसमें प्रदेश की 7 लोकसभा सीट प्रत्याशियों की घोषणा की गई है। बरेली सीट पर सुभाष पटेल को उम्मीदवार घोषित किया गया है। इसके साथ ही हाथरस लोकसभा सीट से डॉ. जयवीर सिंह धनगर को कैंडिडेट घोषित किया गया है। जबकि फिरोजाबाद सीट से एडवोकेट प्रेम दत्त बघेल को प्रत्याशी बनाया गया है। ऐसे ही रायबरेली सीट पर हाफिज मोहम्मद मोबीन को उम्मीदवार घोषित किया गया है। फतेहपुर लोकसभा सीट से रामकिशन पाल को उम्मीदवार बनाया गया है। जबकि भदोही सीट से प्रेमचंद बिना को प्रत्याशी घोषित किया गया है। चंदौली लोकसभा सीट से जवाहर बिंद पीडीएम के संयुक्त उम्मीदवार होंगे। बता दें, सपा विधायक और अपना दल कमेरावादी पार्टी की नेता पल्लवी पटेल इंडी एलाइंस से अलग हो गई है।
उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव पीडीएम गठबंधन के बैनर तले लडऩे का फैसला लिया है। एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी भी इस गठबंधन का हिस्सा है।

