गांधीनगर (भाषा)भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और पार्टी के तीन अन्य उम्मीदवारों को मंगलवार को गुजरात से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।राज्य में राज्यसभा की चार सीटें खाली थीं और सत्तारूढ़ भाजपा के उम्मीदवारों ने इन सीटों पर अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था।
एक अधिकारी ने कहा, चूंकि गुजरात से राज्यसभा चुनाव के लिए चार रिक्त सीटों पर किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया था, ऐसे में निर्वाचन अधिकारी रीता मेहता ने नड्डा सहित सभी चार भाजपा उम्मीदवारों को संसद के उच्च सदन के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।
मंगलवार को नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख थी।नड्डा के अलावा, राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित तीन अन्य उम्मीदवार – हीरा कारोबारी गोविंदभाई ढोलकिया, भाजपा नेता जसवंत सिंह परमार और मयंक नायक हैं।मेहता ने कहा कि परेश मुलानी नाम के एक व्यक्ति ने बुधवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था, लेकिन जांच के दौरान उनकी उम्मीदवारी खारिज कर दी गई क्योंकि उनके पास किसी विधायक का समर्थन नहीं था, जो नियमों के अनुसार अनिवार्य है।
गुजरात की 182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा में भाजपा के 156 विधायक हैं, ऐसे में संख्याबल के अनुसार राज्यसभा के लिए पार्टी उम्मीदवारों का चुना जाना तय था।विधानसभा में भाजपा के प्रभुत्व को देखते हुए 15 विधायकों वाली कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने द्विवार्षिक राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार नहीं उतारने को प्राथमिकता दी थी।
रिक्त होने वाली चार सीटों में से दो-दो पर भाजपा और कांग्रेस का कब्जा था। 2018 में कांग्रेस के दो उम्मीदवार अमी याग्निक और नारण राठवा गुजरात से राज्यसभा में पहुंचे। भाजपा के केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला और मनसुख मंडाविया ने राज्य से 2018 के राज्यसभा चुनाव में जीत हासिल की थी। इन चारों सांसदों का कार्यकाल जल्द ही खत्म होने जा रहा है।

