15-20 राउंड की फायरिंग,ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत
वाराणसी। वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र में रविवार दोपहर अंधाधुंध फायरिंग हुई। 20 हथियारबंद बदमाशों ने सपा नेता और पूर्व पार्षद विजय यादव के घर पर फायरिंग की। इसमें एक महिला और मासूम समेत 3 लोगों को गोली लग गई। वारदात के बाद हमलावर गंगा घाट के रास्ते भाग गए। मौके पर कई थानों की फोर्स पहुंच गई। आस-पास का एरिया सील कर दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- हमलावरों ने पहले गालियां देते हुए पथराव किया। उन्होंने विजय यादव को बाहर निकलने के लिए ललकारा, तो उनके घर की महिलाएं बाहर आ गईं। इस पर हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। 15-20 राउंड फायरिंग की, जिससे मोहल्ले में दहशत फैल गई। लोगों ने घरों के दरवाजे बंद कर लिए।

हमलावर सपा नेता विजय यादव को मारने आए थे। पब्लिक ने एक को पिस्टल समेत पकड़ लिया। अन्य भाग गए। दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई है। वहीं श्री काशी विश्वनाथ धाम हाई सिक्योरिटी जोन के समीप सरेआम गोली चलने से पुलिस की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।

घायल आरोपी गोविंद यादव,आसपास के लोगों ने इसे तमंचे के साथ पकड़ लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार हमलावर समीप के शीतला घाट के बताए जा रहे हैं। सपा नेता को मारने की नीयत से असलहे से लैस होकर आए थे। हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसमें बालक, महिला और एक अन्य व्यक्ति को गोली लगी। सपा नेता हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है।
विजय की पत्नी, भाई और भतीजा घायल
पूर्व पार्षद विजय यादव हिस्ट्रीशीटर है। उनको गोली नहीं लगी है। गोली लगने से उनकी पत्नी किरण (50), भतीजा सोम यादव (4) और भाई उमेश यादव (35) घायल हैं। विजय ने फायरिंग का आरोप सूरजकुंड के पार्षद प्रत्याशी अंकित यादव, साहिल यादव, गोविंद यादव, शोभित शर्मा पर लगाया है।