Site icon sanmargvns.com

यूपी के 12 शहरों में जोरदार बारिश:बदायूं में पोल गिरने से युवक की मौत, प्रयागराज में आंधी, 2-3 दिन में आकर छाएगा मानसून

उत्तर प्रदेश

यूपी में मानसून का असर दिखने लगा है। शनिवार को प्रदेश के 12 जिलों में बारिश हुई। इससे तापमान में 5-6 डिग्री की गिरावट आई है। हापुड़ में बच्चे बारिश में खेलते दिखे। अमेठी में पहली बारिश इतनी जोरदार हुई कि जायस नगर पालिका के ऑफिस में पानी भर गया। प्रयागराज में आंधी आई। बदायूं में आंधी के बीच बिजली का पोल गिरने से युवक की मौत हो गई। मौसम विभाग (IMD) ने कहा- अभी मानसून 100 किलोमीटर दूर बिहार में है। यूपी में मानसून कुशीनगर, वाराणसी और सोनभद्र के रास्ते से एंट्री कर सकता है। अगले 2-3 दिन में मानसून यूपी आ सकता है। 7-8 दिन में पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा।

आगे कैसा रहेगा मौसम: रविवार को प्रदेश के 26 जिलों में बारिश का अलर्ट है। जबकि, 12 जिलों में लू की वार्निंग जारी की गई है। अगले 5 दिन तक आंधी-तूफान, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी है।

आगरा में महिला पर्यटक की मौत

पश्चिमी जिलों में हीटवेव चल रही है। शनिवार को आगरा में आंध्र प्रदेश की एक महिला पर्यटक की मौत हो गई। वह ताजमहल देखने आई थी। शिल्पग्राम में अचानक बेहोश हुई। उसे सीपीआर दिया गया, लेकिन जान चली गई। शनिवार को 11:30 बजे पारा 39.9 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। जबकि गर्मी और उमस 58.1 डिग्री तापमान के बराबर महसूस हो रही है।

इन शहरों में तेज हवाओं संग बारिश

शनिवार को प्रयागराज, संतकबीरनगर, हापुड़, हाथरस, कासगंज, कन्नौज, अयोध्या, वाराणसी, मेरठ, जालौन, श्रावस्ती और बरेली में बारिश हुई है। मौसम विभाग ने आज 29 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। 7 जिलों में हीटवेव की संभावना जताई है।

प्रयागराज में शाम 4 बजे तेज आंधी गई। बूंदाबांदी भी हुई। आसमान में घने बादल हैं। यमुना पार में कई जगह बारिश हुई।

संतकबीरनगर में बूंदाबांदी, अगले 48 घंटे में तेज बारिश होगी

संतकबीरनगर में बादल छाए हैं।

संतकबीरनगर में मौसम बदल गया है। तापमान 38 डिग्री पर है। कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई है। अगले 48 घंटे में तेज बारिश का अनुमान है।

कन्नौज में तेज हवाओं के साथ बारिश, 7 डिग्री तक गिरा तापमान

कन्नौज में दोपहर के वक्त काले बादल घिर गए। गुरसहायगंज, जलालाबाद, जसोदा समेत अन्य जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। तापमान में 7 डिग्री तक गिरावट आई है। पारा 45 डिग्री से घटकर 38 डिग्री पर आया है।

Exit mobile version