वाराणसी। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शनिवार की दोपहर गोदौलिया चौराहा पहुंची। यहां उन्होंने जनता को संबोधित किया। इस दौरान मीडिया की भूमिका पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान का मीडिया सच नहीं दिखाएगा। देश में नफरत और डर का माहौल है। देश को एक साथ लाना ही सच्ची भक्ति है। 

उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान मैंने कभी नफरत नहीं देखी। यहां तक कि भाजपा और आरएसएस के लोग भी यात्रा में आए। जैसे ही हमारे पास आए, उन्होंने हमसे अच्छे से बात की। यह देश तभी मजबूत होता है, जब हम साथ मिलकर काम करते हैं। देश को एक साथ लाना ही देश के प्रति सच्ची भक्ति है। उन्होंने कहा कि इस वक्त देश में नफरत और डर का माहौल है। राहुल ने यात्रा का उद्देश्य बताते हुए मीडिया पर सवाल खड़े किए। मीडिया को अडानी, अंबानी व मोदी का आदमी बताया। नोटबंदी व जीएसटी की कमियों को कभी कोई नहीं दिखाएगा। 

राहुल गांधी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान किसानों व मजदूरों से मिलकर अपनी पीड़ा बताई थी। देश में अरबपति और गरीब समान टैक्स देते हैं। इसलिए भारत जोड़ो यात्रा में न्याय शब्द जोड़ा गया। इसके बाद राहुल का काफिला गिरिजाघर होते हुए मंडुवाडीह की तरफ रवाना हो गया। यात्रा चांदपुर, लोहता होते हुए आगे जाएगी। इस दौरान राहुल लोहता में बुनकरों से बात कर सकते हैं। राहुल गांधी कुरौना गांव में लंच करेंगे। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *