मुंबई। 14 अप्रैल की सुबह करीब 5 बजे। गैलेक्सी अपार्टमेंट पर हुईं तीन राउंड फायरिंग। जिसने आवाज सुनी वो तो चौंका ही। मगर जिसने ये मंजर देखा वो कुछ देर के लिए पत्थर हो गया। सलमान खान के घर के बाहर हुए इस वाकये के बाद चारों तरफ सनसनी फैल गई। इस दौरान एक्टर अपने घर पर ही मौजूद थे। हालांकि वह इस घटना से डरे नहीं। सलीम खान तो रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर भी निकले और तो और मामले की जानकारी होने के फौरन बाद मुंबई पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम का तांता लग गया। लेकिन इस बीच फैन्स का गुस्सा सातवें आसमान पर है। वह सोशल मीडिया पर महाराष्ट्र सरकार पर बरस रहे हैं। उनका सवाल है कि ये सब हुआ क्यों? कहां थे उनके सुरक्षाबल, जो एक्टर को मुहैया कराए गए थे। मुंबई पुलिस के मुताबिक, दो हमलावर मोटरसाइकिल पर आए और तीन राउंड फायरिंग की। गोलियों के निशान की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं, जिसकी जांच फॉरेंसिक टीम ने की। जहां पहले एनसीपी नेता सुप्रिया सुले ने इस घटना को गृह मंत्रालय की विफलता बताया था। वहीं, अब नाराज फैन्स भी पिछले साल कई बार जान से मारने की धमकी मिलने के बाद सलमान को मिली वाई प्लस सुरक्षा के बारे में सवाल किया है। सोशल मीडिया पर सुपरस्टार के फैन्स ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री की आलोचना की है और सुरक्षा में हुई चूक पर मुंबई पुलिस पर सवाल उठाया है। एक यूजर ने ङ्ग पर लिखा, क्या चल रहा है? सुरक्षाबल कहां हैं? एकनाथ शिंदे। एक ने कहा, मुंबई में ऐसा कैसे हो सकता है? सुरक्षा व्यवस्था कहां है एकनाथ शिंदे और मुंबई पुलिस?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *