वजूखाने और शिवलिंग से जुड़ा है मामला
वाराणसी, सन्मार्ग। ज्ञानवापी परिसर स्थित वजूखाने में गंदगी करने और शिवलिंग की आकृति पर दिए गए बयान के मामले में दाखिल निगरानी अर्जी पर अपर जिला जज नवम विनोद कुमार सिंह की अदालत में सुनवाई एक बार फिर टल गई है। कोर्ट में रोजा का हवाला देते हुए एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के अधिवक्ता एहतेशाम आब्दी ने सुनवाई की दूसरी तारीख नियत करने का कोर्ट से अनुरोध किया।
इस पर अदालत ने सुनवाई की अगली तारीख 20 अप्रैल नियत कर दी। यह निगरानी अर्जी वरिष्ठ अधिवक्ता हरिशंकर पांडेय ने दाखिल की है। अर्जी में कहा गया है कि ज्ञानवापी परिसर स्थित वजूखाने में नमाजियों द्वारा गंदगी फैलाई जा रही थी। उनका दावा है कि वह स्थान हिंदुओं के अराध्य देव शिव का है। ज्ञानवापी में मिली शिवलिंग जैसी आकृति को लेकर सांसद असदुद्दीन ओवैसी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित अन्य ने गलत बयानबाजी कर हिंदुओं की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाया था।
