Site icon sanmargvns.com

गंगा की व्यथा पर हुई पेंटिंग प्रतियोगिता

गंगा की व्यथा पर हुई पेंटिंग प्रतियोगिता

तुलसीघाट पर मदर्स फार मदर की सदस्यों की हुई बैठक
वाराणसी, सन्मार्ग।
संकट मोचन फाउंडेशन एवं मदर्स फॉर मदर के तत्वाधान में एक चित्रकारी (पेंटिंग) प्रतियोगिता का आयोजन आज स्थानीय तुलसी घाट पर किया गया। इस प्रतियोगिता में नगर के लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए मदर्स फार मदर की अध्यक्षा आभा मिश्रा ने कहा कि आज के युवा वर्ग को गंगा के प्रदूषण के प्रति सचेत होना होगा तथा आगे बढ़कर गंगा प्रदूषण रोकथाम हेतु यथोचित प्रयास करना होगा।
उन्होंने कहा कि मां गंगा है इसलिए गंगा में मलजल का प्रवाह हर हालत में रोकना होगा। प्रतिभागियों ने वर्तमान गंगा के स्वरूप को तथा अपनी कल्पना वाली गंगा के स्वरूप को चित्रों में सजाया। छात्रों ने गंगा की व्यथा को अत्यंत सजीव रूप से चार्ट पेपर पर दर्शाया। इस अवसर पर आज ग्रीन ऑस्ट्रेलिया की संस्थापिका सुश्री सू लेनाक्स एवं फ्रोण्डस आफ गैंगेज अमेरिका की सुश्री कैथरीन पोर्टर सहित नगर के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं व उनके शिक्षकों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर श्रेष्ठ चित्रकारी (पेंटिंग) करने वाली श्री, कक्षा 7 प्रथम, जान्हवी राय कक्षा 7 द्वितीय व खुशी कुमारी को तृतीय प्राप्त होने पर संस्था की अध्यक्षा आभा मिश्रा द्वारा पुरस्कृत किया गया। इससे पूर्व मदर्स फार मदर सदस्यों की एक बैठक हुई। इस बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्षा आभा मिश्रा ने कहा कि मदर्स फॉर मदर की सदस्याओं ने विगत वर्षों में गंगा के प्रति सराहनीय कार्य किया है।
महिलाओं को गंगा के लिए पूरे समर्पण के साथ आगे आना होगा तब जाकर उनका प्रयास सफल हो पाएगा। बैठक में लगभग 50 की संख्या में उपस्थित सदस्याओं ने अपनी आगे की कार्य योजना पर प्रकाश डाला जो संस्था की अगली बैठक में प्रस्तुत करेंगी। इस अवसर पर आज ग्रीन ऑस्ट्रेलिया की संस्थापिका सुश्री सू लेनोक्स, अमेरिका की कैथरीन पोर्टर,संगीता पांडेय,रीता अग्रवाल,ममता तिवारी,सरोजिनी महापात्रा,शुभ्रा शाही,निर्मला दुबे सहित अनेकों महिलाओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज किया।

Exit mobile version