Site icon sanmargvns.com

डायरिया की चपेट में आने से एक की मौत, 11 बीमार

डायरिया की चपेट में आने से एक की मौत, 11 बीमार

पीएचसी हलिया में आठ का चल रहा उपचार, दो मंडलीय चिकित्सालय रेफर,सीएमओ ने बताया फूड प्वाइजनिंग को वजह

ड्रमंडगंज, मीरजापुर। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के बबुरा रघुनाथ सिंह व बबुरा खुर्द गांव में डायरिया फैलने से एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा 11 लोगों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। बबुरा रघुनाथ सिंह गांव निवासी बन्ने तथा उनके भाई मुश्ताक की 9 वर्षीया बेटी परमीना की शुक्रवार शाम को तबियत बिगड़ी और उल्टी दस्त शुरू हो गई। देर रात हालत बिगडऩे पर परिजन उपचार के लिए सभी को एंबुलेंस से पीएचसी हलिया ले गए जहां स्वास्थ्य कर्मियों ने बन्ने को मृत घोषित कर दिया।

डायरिया से पीडि़त परमीना को मंडलीय चिकित्सालय मीरजापुर दिखाने के लिए कहा। शनिवार सुबह बन्ने की 43 वर्षीया पत्नी अफसाना बेगम 10 वर्षीय पुत्र रमजान 2 वर्षीया पुत्री रेहाना 8 वर्षीया पुत्री शबीना 5 वर्षीया पुत्री शहाना 15 वर्षीय पुत्र गुलशेर तथा मृतक बन्ने के भाई मुश्ताक अली की 7 वर्षीया पुत्री मीना व 9 वर्षीया पुत्री परमीना तथा बबुरा खुर्द गांव निवासी वकील अहमद की 10 वर्षीया पुत्री हसीमुन निशा तथा अकबर अली की 9 वर्षीया पुत्री खुशनुमा को उल्टी दस्त होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उपचार हेतु एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हलिया भिजवाया। चिकित्सक विवेक खरे ने परमीना और मीना की हालत गंभीर देखते हुए मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया में कुल 8 लोगों का उपचार किया जा रहा है।

शनिवार दोपहर सीएमओ सीएल वर्मा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया पहुंचकर मरीजों का हाल जाना और चिकित्सक विवेक खरे को डायरिया मरीजों के उपचार हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिया। वहीं बबुरा खुर्द गांव निवासी मंजूर अली की 32 वर्षीया पत्नी जाहिदा बेगम को शुक्रवार शाम उल्टी दस्त शुरू होने पर परिजन उपचार हेतु प्रयागराज जिले कोरांव स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है जहां उनका उपचार किया जा रहा है। पीएचसी हलिया के चिकित्सक विवेक खरे ने बताया कि स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती दस मरीजों में दो बालिकाओं की हालत गंभीर देखते हुए मंडलीय चिकित्सालय रेफर किया गया है। चिकित्सक विवेक खरे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फूड प्वाइजनिंग का लग रहा है। मरीजों का उपचार किया जा रहा है।

Exit mobile version