वाराणसी।गंगा में वैध और अवैध नावों की पहचान करने में सुविधा होगी। नावों पर बड़े अक्षरों में क्यूआर कोड और लाइसेंस संख्या दर्ज की जाएगी। मई माह से वाहनों की तर्ज पर नावों पर लाइसेंस संख्या लिखी जाएगी। नगर निगम और जल पुलिस ने अवैध नावों पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। मानकों के खिलाफ और गैर पंजीकृत नाव संचालकों पर कार्रवाई करते हुए इनके संचालन पर रोक लगाई जाएगी। जल पुलिस प्रभारी मिथिलेश यादव ने बताया कि गंगा में करीब 1500 नावें ही लाइसेंसी हैं। एक व्यक्ति के पास कई नावें हैं। पकड़े जाने पर नावों के लाइसेंस की जांच करना मुश्किल होता है।
लाइसेंस पर नाविक पेंट पोत देते है इससे लाइसेंस नंबर की जांच करना मुश्किल होता है। अब वाहनों की तर्ज पर नावों पर भी बड़े-बड़े अक्षर में लाइसेंस संख्या दर्ज कराने के लिए पत्र भेजा गया है।
नगर निगम में लाइसेंस अधिकारी मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि बिना लाइसेंस चलने वाली नावों का चिह्नांकन जल्द पूरा कर अवैध नावों पर कार्रवाई की जाएगी।

