Site icon sanmargvns.com

पीएम मोदी ने 400 बेड वाले मेडिकल कॉलेज की रखी आधारशिला, मिलेंगी सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं

वाराणसी,सन्मार्ग दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल जल्द ही राजकीय मेडिकल कॉलेज के अधीन संचालित होगा। पीएम नरेंद्र मोदी 400 बेड वाले मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखी। यह दो साल में बनकर तैयार होगा। इसकी डिजाइन भी बन गई है।मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 100 सीटें होंगी। सीटें नीट के जरिये भरी जाएंगी। एक ही छत के नीचे सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं मिलेंगी। इसके लिए मानसिक अस्पताल परिसर में 15 एकड़ से जमीन आवंटित की गई है। मेडिकल कॉलेज का शैक्षणिक परिसर मानसिक अस्पताल परिसर में होगा, लेकिन चिकित्सकीय सुविधाएं जिला अस्पताल परिसर में ही मिलेंगी। शैक्षणिक परिसर छह मंजिला बनाया जाना है।

पांच साल तक सेवा दे सकेंगे डॉक्टर
जिला अस्पताल में तैनात डॉक्टर मेडिकल कॉलेज में प्रतिनियुक्ति पर अपनी सेवा दे सकेंगे। इसमें बाल रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन, ईएनटी, सर्जन, चर्मरोग विशेषज्ञ आदि को तीन से पांच साल तक सेवा का मौका दिया जाएगा। इसका निर्णय शासन स्तर से हो चुका है। मेडिकल कॉलेज में सेवा की शर्त क्या होगी, इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूरा प्रस्ताव तैयार करवाया जा रहा है।

सरस्वती देवी शिवकिशन दमानी मेडिकल कॉलेज होगा नाम
मेडिकल कॉलेज का नाम सरस्वती देवी शिवकिशन दमानी मेडिकल कॉलेज रखा गया है। प्रोजेक्ट में साइट प्लान के साथ ही मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग से लेकर प्रवेश द्वार और दो ब्लॉक की बिल्डिंग की तस्वीर भी है। हालांकि अभी डीपीआर फाइनल नहीं हुई है।

अपर निदेशक (स्वास्थ्य) डॉ. मंजुला सिंह ने कहा कि मानसिक अस्पताल परिसर में मेडिकल कॉलेज का केवल शैक्षणिक कैंपस होगा। मरीजों को चिकित्सकीय सुविधाएं जिला अस्पताल परिसर में ही मिलेंगी। जिला अस्पताल मेडिकल कॉलेज के अधीन संचालित होगा। डॉक्टर भी प्रतिनियुक्ति पर सेवा देंगे।-डॉ. मंजुला सिंह (अपर निदेशक (स्वास्थ्य)

Exit mobile version