Site icon sanmargvns.com

मां सरस्वती की आराधना का पर्व वसंत पंचमी की धूम

मां सरस्वती की आराधना का पर्व वसंत पंचमी की धूम

डीडीयू नगर। जनपद में मां सरस्वती की आराधना का पर्व वसंत पंचमी बुधवार को धूमधाम से मनाया जा रहा है। मंगलवार की रात में पंडालों में मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित की गई। सुबह बारिश के कारण पूजा आयोजकों को परेशानी हुई लेकिन उत्साह में कमी नहीं आई।मूर्तिकारों के यहां से पंडालों तक मूर्तियों को पहुंचाने का सिलसिला दिन भर चलता रहा। विभिन्न वाहनों से मूर्ति लेकर जाते युवाओं ने जयकारे लगाते रहे।
माघ में शुक्ल पक्ष की पंचमी को वसंत पंचमी के रूप में मनाया जाता है। बुधवार को वसंतोत्सव मनाया जाएगा। जिले में पांच सौ से अधिक स्थानों पर मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित की गई है। इसमें सबसे अधिक डीडीयू नगर में सौ से अधिक स्थानों पर मां वीणावादिनी की प्रतिमा स्थापित की गई है। नगर के कैलाशपुरी, नई बस्ती, रविनगर, न्यू महाल, लाठ नंबर, लाठ नंबर दो, शाहकुटी, काली महाल, चतुर्भुजपुर, महमूदपुर, कूढकला ,अलीनगर, परशुरामपुर, पराहुपुर, रेलवे के मानसनगर, सेंट्रल कॉलोनी, लोको कॉलोनी, डीजल कॉलोनी सहित अन्य रेलवे कॉलोनियों में आकर्षक पंडाल बनाए गए हैं। हालांकि बारिश के कारण मंगलवार को पंडाल निर्माण मे दिक्कत हुई। खुले में मूर्ति स्थापित करने का प्लान बना चुकी कमेटियों ने भी बारिश से बचाव का उपाय किया। पूरी रात पंडालों को अंतिम रूप दिया गया। इसके पूर्व मंगलवार को दिन भर युवाओं की टोली, पूजा कमेटी के सदस्य नई बस्ती और सेंट्रल कॉलोनी स्थित कुम्हार बस्ती से मां वाग्देवी की प्रतिमा को विभिन्न वाहनों से जयकारे लगाते हुए पंडालों तक ले गए। पं. कुंज बिहारी मिश्र ने बताया कि बुधवार को दिन भर पूजा के लिए अच्छा मुहुर्त है।

Exit mobile version