वाराणसी। पड़ाव-राजघाट मार्ग मालवीय पुल ‘जाम पुल’ कहा जाने लगा। यहां लगी अकारण जाम को देख लोगों के मन में बस यही एक ख्याल आ रहा था। इस जाम में लोग घंटों फंसकर कराहते रहे। गौरतलब है कि पड़ाव-मुग़लसराय मार्ग पर चौड़ीकरण के कारण पड़ाव से राजघाट मार्ग मालवीय पुल पर अक्सर लोगों को जाम का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच बुधवार को जाम इतना भीषण लगा कि लोगों को तीन किलोमीटर की दूरी भी तीस किलोमीटर की लगने लगी। सभी बस इस जाम और सड़क को कोसते हुए नजर आए। सबसे बड़ी बात यह रही कि जाम को छुड़ाने में पुलिसकर्मियों की संख्या भी काफी कम ही रही, जिससे समस्याओं का अंबार बनता गया। बताया जा रहा है कि घंटों काफी देर तक लगे इस जाम में कई छात्र/छात्राओं की परीक्षाएं भी छूट गईं। वहीं इस भीषण जाम में अवधूत भगवान राम ट्रस्ट की एम्बुलेंस भी फंसी हुई नजर आई। हालात यह हो गए कि मालवीय पुल पर पैदल चलना भी दूभर हो गया।
