वाराणसी।श्री काशी विश्वनाथ धाम में रामनवमी पर उनके आराध्य भगवान श्रीराम के सूर्य तिलक का लाइव प्रसारण किया जाएगा। मंदिर प्रशासन की ओर से इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। धाम क्षेत्र में एलईडी स्क्रीन पर श्रद्धालु पहली बार बालक राम के सूर्य तिलक का लाइव प्रसारण देख सकेंगे।वहीं, चैत्र नवरात्र की अष्टमी पर काशी विश्वनाथ धाम में यज्ञ व हवन का आयोजन किया गया है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र ने बताया कि रामनवमी पर भगवान राम के सूर्य तिलक का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां पूरी हो गई हैं। इसके साथ रामनवमी पर अनुष्ठान व पूजन भी होगा।
रामनवमी पर गंगा की लहरों पर 16 बजड़ों पर सजेगी प्रभु श्रीराम की मनमोहक झांकी, भव्य शोभायात्रा की साक्षी बनेगी काशी
वाराणसी। रामनवमी के अवसर पर गंगा की लहरों पर 16 बजड़ों पर प्रभु श्रीराम की मनमोहक झांकी सजेगी। काशीवासी इस भव्य शोभायात्रा के साक्षी बनेंगे। श्रीराम कथा मंदाकिनी शोभायात्रा के दौरान केवट बंधुओं का स्वागत किया जाएगा।
सचिव ज्ञानेश्वर जायसवाल के अनुसार रामकथा मंदाकिनी शोभायात्रा 17 अप्रैल को तुलसी घाट से शुरू होकर प्रह्लाद घाट तक जाएगी। समिति की ओर से केवट बंधुओं का स्वागत किया जाएगा। साथ ही गंगा निर्मलीकरण, अविरलता और घाटों की स्वच्छता का संदेश दिया जाएगा। प्रह्लाद घाट पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इस दौरान तीन श्रेष्ठ झाकियों को सम्मानित किया जाएगा। शोभायात्रा के दौरान 16 बजड़ों पर भगवान राम के जीवन से जुड़ी झाकियां सजेंगी।

