वाराणसी। जिले में पुलिस आरक्षी भर्ती पहली पाली की परीक्षा दूसरे दिन रविवार को सकुशल संपन्न हुई। इस दौरान प्रशासन मुस्तैद रहा। सीसीटीवी कैमरे से परीक्षा केंद्रों की निगरानी की गई। वहीं केंद्र व्यवस्थापक व कक्ष निरीक्षक ने निगरानी की। इस दौरान परीक्षा केंद्रों के पास परीक्षार्थियों की भीड़ दिखी। लहुराबीर स्थित राजकीय क्वींस कालेज, आर्य महिला इंटर कालेज, सनातन धर्म इंटर कालेज समेत अन्य परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। शनिवार के परीक्षा कराई जा रही है। रविवार को दूसरे दिन पहली पाली की परीक्षा देने के लिए परीक्षार्थी परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले ही केंद्रों पर पहुंच गए। प्रवेश पत्र की जांच के बाद उन्हें अंदर प्रवेश की अनुमति दी गई। पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट है। शनिवार को कई केंद्रों पर मुन्ना भाई पकड़े गए थे। ऐसे में रविवार को विशेष सतर्कता बरती गई। अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के बाद उन्हें केंद्रों के अंदर जाने दिया गया। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से ट्रांसपोर्ट और ठहरने की व्यवस्था की गई है।
पेपर लीक की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ एक्शन, आठ आरोपी अरेस्ट
पुलिस आरक्षी परीक्षा में पेपर लीक का अफवाह फैलाकर परीक्षा को प्रभावित करने के प्रयास के आरोप में आठ लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन आरोपियों को दो एंड्राइड मोबाइल और पूर्व की वर्क प्रश्नोत्तरी के साथ गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक सैदपुर थाने के उप निरीक्षक भानू प्रताप सिंह मय हमराह के साथ आदर्श इंटर कॉलेज सियावां में आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस परीक्षा शांति व्यवस्था ड्यूटी पर शनिवार की शाम तैनात थे। इसी दौरान करीब 6.55 बजे पुलिस ने भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के मोलनापुर तालगांव निवासी गोलू यादव, इसी थाना क्षेत्र के बोझवा जोटना निवासी रिवनीश, बोझवा जोटना निवासी अमन यादव, बहरियाबाद थाना क्षेत्र के शैलेन्द्र यादव और आजमगढ़ जिले के तरवां थाना इलाके के उचौवा गांव निवासी सत्यम को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों को दो एंड्राइड मोबाइल, 28 वर्क प्रश्नोत्तरी के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इसी तरह समता पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज सादात में चल रही परीक्षा को प्रभावित करने की नियत से पेपर आउट होने की अफवाह फैलाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें सादात थाना क्षेत्र के मरदापुर गांव निवासी रामचन्द्र सिंह यादव, बहरियाबाद थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी अभिषेक कुमार सिंह और सादात कस्बा के वार्ड नंबर नौ निवासी अभिनीत मोदनवाल शामिल हैं।

