Site icon sanmargvns.com

शांति सद्भाव के साथ रहने की प्रेरणा देता है इस्लाम-ताज मोहम्मद

शांति सद्भाव के साथ रहने की प्रेरणा देता है इस्लाम-ताज मोहम्मद

मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के सदस्यों ने किया रामलला का दर्शन,भारत के ७५ प्रतिशत मुसलमानों की जडें सनातन से जुडी हैं

वाराणसी, सन्मार्ग। अयोध्या में श्रीराम के भव्य व नव्य मंदिर निर्माण एवं प्राण प्रतिष्ठा से उत्साहित मुस्लिम राष्ट्रीय मंच पूर्वी क्षेत्र उत्तर प्रदेश के सैकड़ों कार्यकर्ताओं का एक बड़ा जत्था क्षेत्रीय संयोजक मो. अजहरुद्दीन, सहसंयोजक ताज मोहम्मद एडवोकेट, क्षेत्रीय संयोजक प्रबुद्ध प्रकोष्ठ ओमप्रकाश पांडेय, क्षेत्रीय सहसंयोजक मेहताब खां के साथ रविवार को काशी से अयोध्या के लिए रवाना हुआ।
अयोध्या पहुंचने के बाद प्रमुख राष्ट्रीय संयोजक मो.अफजाल, राष्ट्रीय संयोजक इस्लाम अब्बास, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक स्वामी मुरारी दास की अगुवाई में लता मंगेशकर चौराहे से जय श्री राम, प्रेम,अहिंसा,भाईचारा- ऐसा है श्री राम हमारा,भारत माता की जय के नारे के साथ दर्शन हेतु जुलूस की शक्ल में रवाना हुआ। श्रीराम के दिव्य दर्शन व प्रसाद ग्रहण कर मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के लोग सुखद एहसास के साथ वापस आये। काशी वापस आने के बाद पूर्वी क्षेत्र संयोजक मो.अजहरुददीन ने कहा कि – मुस्लिम राष्ट्रीय मंच मुस्लिम समाज को तालीम,तहज़ीब के रास्ते पर चल कर तरक्की के लिए संकल्पित है,काशी से अयोध्या धाम जाकर प्रभु श्री राम के दिव्य दर्शन के जरिए हमने गंगा – जमुनी तहजीब को मजबूती प्रदान करने व कट्टरपंथी विचारधारा को समाप्त करने की पहल की हैं।
सहसंयोजक- ताज मोहम्मद ने कहा कि – हम रसूले-पाक हजऱत मुहम्मद सल्लल्लाहू वसल्लम की उम्मत है,आप रसूले-पाक को भी हमारी मातृभूमि हिन्द की तरफ़ से चलने वाली हवा से ताजगी का एहसास होता था,आप रसूले-पाक हमेशा अपने उपदेश में नेक व सच्चाई के रास्ते पर चलने एवं शांति व सद्भावनाके साथ मुल्क से मोहब्बत का पैगाम दिया करते थे,उनकी उम्मत होने के कारण हमारा यह कर्त्तव्य है कि उनके बताए मार्ग पर चलते हुए हमें जिस मुल्क में जन्म लेने का सौभाग्य मिला उस मुल्क की धार्मिक व सांस्कृतिक विरासतों को संजोने व तरक्की में अपना योगदान दे।
उन्होंने कहा कि-भारतदेश के 75 प्रतिशत मुस्लिम समाज की सांस्कृतिक जड़े सनातन से जुड़ी है, प्रभु श्री राम को हम इमामे-हिन्द मानते हैं। अयोध्या जाने वालो में प्रमुख रूप से मो.अजहरूददीन, ताज मोहम्मद एडवोकेट, ओमप्रकाश पांडेय, मेहताब खां, अबरार अहमद,मो. याकूब, रेहाना खातून, तौकीर रज़ा,मो.कलीम,निशांत अख्तर मो.इम्तियाज,सोहराब अली, मुस्ताक अहमद आदि सैकड़ों लोग शामिल रहे।

Exit mobile version