गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के निवाड़ी में दिनदहाड़े महिला को बंधक बनाकर कथित डकैती के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस का दावा है कि घर में कोई डकैती नहीं हुई थी। महिला ने ही पूर्व में चोरी की गई जूलरी को लेकर परिवार की तरफ से पूछे जाने वाले सवाल से बचने के लिए पूरा ड्रामा रचा था। इसके लिए उसने एक शख्स को 20 हजार रुपये में हायर किया और उसे बदमाश दिखाया। डीसीपी देहात विवेक चंद ने बताया कि 10 अप्रैल को निवाड़ी क्षेत्र से दीपिका त्यागी नाम की महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर 40 तोले गोल्ड और 3 लाख 50 हजार रुपये की डकैती की सूचना मिली थी। इस मामले में चार टीमों को गठन किया गया था।

जांच में यह पूरा मामला फर्जी निकला। इसकी प्लानिंग दीपिका और उसके मायके वालों ने रची। इसके बाद पुलिस ने दीपिका के साथ उसके पिता योगेंद्र त्यागी, मां सुनीता त्यागी और 20 हजार रुपये में वारदात का नाटक करने वाले अकबर को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 3 से 4 लाख रुपये की जूलरी समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। जिसे दीपिका ने एक बोरे में छिपा दिया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि दीपिका के मायके पक्ष की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। कुछ समय पहले हार्ट प्रॉब्लम होने पर उसके पिता योगेंद्र त्यागी की सर्जरी हुई थी। इसके बाद दीपिका ने परिवार के लोगों की जूलरी डेढ़ महीने पहले ही चोरी कर ली थी।

जिसे उसने मां के साथ जाकर मेरठ के एक सुनार को 3 लाख रुपये में बेचा था और उनमें से कुछ रुपये दीपिका की बहन के अकाउंट में ऑनलाइन ट्रांसफर कराया था। इस मामले में भविष्य में परिवार की तरफ से जूलरी को लेकर पूछे जाने वाले सवाल से बचने के लिए उसने अपने माता-पिता के साथ मिलकर वारदात की प्लानिंग की।
जानकारी के अनुसार, दीपिका के पिता योगेंद्र का हार्ट के इलाज के दौरान अकबर से संपर्क हुआ था। वह 20 हजार रुपये लेकर इस फर्जी लूट का बदमाश बनने को तैयार हो गया। 10 अप्रैल को अकबर, योगेंद्र और एक अन्य शख्स निवाड़ी पहुंचे। वहां अकबर का साथी कुछ गलत के अंदेशे पर वहां से चला गया।


इसके बाद दीपिका ने अकबर के घर पहुंचने से पहले घर के सामान को फैला दिया और अपनी देवरानी की जूलरी भी गायब कर दी। इस दौरान उसने एक मोबाइल अकबर को दिया था। जाने से पहले वह दीपिका को बांधकर वहां से निकल गया। अकबर बेहोश करने के लिए वाइटनर लेकर गया था। देवर मोहित के आने पर उसे झूठी कहानी सुनाई गई।
जानकारी के अनुसार, दीपिका के पिता योगेंद्र को हार्ट प्राब्लम होने पर स्टंट डलवाने के लिए 90 हजार रुपये उन्होंने ही दिए थे। ऐसे में परिवार को अंदेशा तक नहीं था ऐसा भी हो सकता है। परिवार के मुताबिक, अगर वह परिवार की मदद के लिए कुछ कहती तो वह मदद जरूर करते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *