गाजीपुर (सन्मार्ग)। पूर्वी उत्तर प्रदेश के महत्वपूर्ण जिले गाजीपुर को रेल मार्ग द्वारा उपनगर दिलदारनगर से जोडऩे के लिए गाजीपुर के जनता की बहु प्रतिशत मांग को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज लोकार्पित कर दिया गया। नौ वर्ष पूर्व इस परियोजना का शिलान्यास प्रधानमंत्री द्वारा किया गया था। परियोजना के अंतर्गत गंगा नदी पर रेल पुल सहित गाजीपुर सिटी एवं गाजीपुर घाट से 16.79 किलोमीटर नई रेल लाइन का निर्माण जिसकी लागत 1650 करोड़ थी, को आज पूर्ण कर जनता को समर्पित कर दिया गया। विद्युतीकरण सहित गाजीपुर सिटी एवं गाजीपुर घाट से नई रेल लाइन का निर्माण होने से पटना एवं वाराणसी को जोडऩे में मदद मिलेगी। इस रेल लाइन के बनने से भौतिक दूरी कम होने के साथ-साथ ट्रेनो के संचलन समय में उल्लेखनीय बचत होगी तथा छपरा एवं औडि़हार से आने वाली ट्रेनों को डेडीकेटेड फ्रंट कॉरिडोर पर जाने के लिए कनेक्टिविटी मिलेगी।