वाराणसी,सन्मार्ग। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने काशी की धरती से इंडी गठबंधन को सीधे सीधे निशाने पर लिया। बनास काशी संकुल के उद्घाटन समारोह और पूर्वांचल के लिए 13 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरांत पीएम मोदी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दशकों के भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टीकरण ने यूपी को पिछड़ा रखा। यूपी को बीमारू राज्य बनाया गया, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया गया। कांग्रेस के शाही परिवार का कहना है कि काशी के नौजवान नशेड़ी हैं। मोदी को गाली देते देते दो दशक बिता दिये, अब ये लोग यूपी के नौजवानों पर फ्रस्टेशन निकाल रहे हैं। जिनके अपने होश ठिकाने नहीं है वो मेरी काशी के बच्चों को नशेड़ी कह रहे हैं।
यूपी ने सारी सीटें मोदी को देने का निर्णय कर लिया
पीएम ने करखियांव में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यूपी ने सारी सीटें मोदी को देने का निर्णय कर लिया है। मोदी का तीसरा कार्यकाल सबसे प्रखर कार्यकाल होने वाला है। भारत का आर्थिक, सामाजिक हर क्षेत्र बुलंदी पर होगा। भारत 11वें नंबर से ऊपर उठकर 5वें नंबर पर आया। अब तीसरे कार्यकाल में भारत दुनिया की सबसे मजबूत शक्ति बनेगा। देश को चार लेन, छह लेन, आठ लेन की सड़कें बन रही है। वंदे भारत चल रहा है। ऐसे ही विकास कार्य आए दिन होंगे। देश का कायाकल्प होने वाला है। इस भारत को विकसित भारत का इंजन बनाऊंगा।
जमानत भी नहीं बचेगी
गठबंधन पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा माल वही है, पैकिंग नई है। इस बार यूपी की जनता ने मोदी की गारंटी वाली सरकार चुनने का निर्णय ले लिया है। इस बार जमानत भी नहीं बचेगी। पीएम ने कहा कि मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरी करने वाली गारंटी। पीएम ने कहा यूपी और बिहार को फायदा पहुंचाने के लिए सरकार काम कर रही है। भविष्य में बनारस से कोलकाता का समय करीब-करीब आधा होने वाला है। इन सड़कों पर आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। काशी यूपी ही नहीं देश की भी एक महत्वपूर्ण नगरी बनेगी। आने वाले दिनों में काशी मेक इन इंडिया का ज्ञान देगी।प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को ललकारते हुए कहा कि काशी और यूपी का नौजवान विकसित यूपी बनाने में जुटा है। अपना समृद्ध भविष्य लिखने के लिए परिश्रम की पराकाष्ठा कर रहा है। यूपी के युवा कांग्रेस और इंडी गठबंधन द्वारा किया गया अपमान कभी नहीं भूलेंगे। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस और सपा पर हमलावर रुख अख्तियार करते हुए कहा कि परिवारवादी हमेशा युवा शक्ति और टैलेंट से डरते हैं। उन्हें लगता है कि सामान्य युवा को अवसर मिला तो वह हर जगह चुनौती देगा। इन्हें वही पसंद आते हैं जो दिन रात इनकी जय जयकार करते रहें।
नहीं पता था कि कांग्रेस को प्रभु श्रीराम से नफरत है : मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि इनके गुस्से और बौखलाहट का एक और कारण यह है कि इन्हें काशी और अयोध्या का नया स्वरूप पसंद नहीं आ रहा है। ये राममंदिर को लेकर कैसी कैसी बातों से हमला करते हैं। मुझे नहीं पता था कि कांग्रेस को प्रभु श्रीराम से इतनी नफरत है। ये अपने परिवार और वोट बैंक से बाहर कुछ सोच ही नहीं पाते। जब चुनाव आता है तो ये लोग साथ आते हैं। जब परिणाम नील बटा सन्नाटा होता है तो एक दूसरे को गाली देकर अलग हो जाते हैं। मोदी ने भोजपुरी में इंडी गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि ‘ई बनारस हव इहां सब गुरू ह, इहां इंडी गठबंधन क पैंतरा ना चली। बनारस नाहीं पूरे यूपी के पता हव कि माल वही है पैकिंग नई है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार तो इनको जमानत बचाने के लिए बहुत संघर्ष करना पड़ेगा।
10 साल में बनारस हमके बनारसी बना देलस
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत भोजपुरी में करते हुए कहा, ”काशी की धरती पर आज एक बार फिर आवे क मौका मिलल हव। जबतक बनारस नाही आइत तबतक हमार मन नाहीं मानेला। 10 साल पहिले आप लोग हमके बनारस क सांसद बनइला, अब 10 साल में बनारस हमके बनारसी बना देलस।” प्रधानमंत्री ने बताया कि आज 13 हजार करोड़ से ज्यादा की 45 परियोजनाएं हैं, जो पूर्वांचल और पूर्वी भारत के विकास को गति देंगे। इसमें रेल, रोड, एयरपोर्ट, पशुपालन, उद्योग, स्पोर्ट, कौशल विकास, स्वास्थ्य, स्वच्छता, अध्यात्म, पर्यटन, एलपीजी गैस जैसे अनेक क्षेत्रों से जुड़े कार्य हैं। इससे रोजगार के बहुत से नये अवसर बनेंगे। उन्होंने बताया कि संत रविदास जी की जन्मस्थली से जुड़ी अनेक परियोजनाओं का आज लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है।
फुलवरिया फ्लाईओवर वाराणसी के लिए वरदान साबित हुआ
प्रधानमंत्री ने कहा कि काशी और पूर्वांचल में कुछ भी अच्छा होता है तो मुझे आनंद होना बहुत स्वाभाविक है। उन्होंने बताया कि फुलवरिया फ्लाईओवर वाराणसी के लिए वरदान साबित हुआ है। पहले बीएलडब्ल्यू से बाबतपुर एयरपोर्ट जाना होता था तो दो से तीन घंटे पहले निकलना होता था। जितना समय वाराणसी से दिल्ली जाने में नहीं लगता था, उससे ज्यादा देर फ्लाइट पकड़ने के लिए एयरपोर्ट पहुंचने में लगता था। अब इस फ्लाईओवर ने समय को आधा कर दिया है। इसके अलावा सिगरा स्टेडियम के कार्य का लोकार्पण किया गया है। बनारस के युवाओं के लिए आधुनिक शूटिंग रेंज की स्थापना की गई है। यहां आने से पहले बनास डेयरी प्लांट पर पशुपालक बहनों से बात करने का अवसर मिला। किसान परिवार की बहनों को दो तीन साल पहले स्वदेशी नस्ल की गीर गाय दी गई थी। मकसद था कि पूर्वांचल में बेहतर नस्ल की स्वदेशी गायों को लेकर जानकारी बढ़े। किसानों पशुपालकों को फायदा मिले। आज यहां साढ़े तीन सौ के करीब गीर गायों की संख्या पहुंच गई है। पहले जहां सामान्य गाय से 5 लीटर दूध मिलता था वहीं गीर गाय 15 लीटर दूध देती है। इससे इन बहनों को हर महीने हजारों रुपए की अतिरिक्त कमाई हो रही है। हमारी बहने लखपति दीदी बनने लगी हैं। ये स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 10 करोड़ बहनों के लिए बहुत बड़ी प्रेरणा है।
काशी का तेज विकास थमेगा नहीं
पीएम ने कहा आने वाले पांच वर्षों में काशी का नेशनल परिसर तैयार हो जाएगा। जिससे युवाओं को काफी फायदा होगा। बुनकरों को भी संबल प्रदान किया जाएगा। एक नया मेडिकल कॉलेज बनने वाला है। आज कई करोड़ की मशीनों का लोकार्पण कर स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। काशी का तेज विकास नहीं थमेगा। काशीवासियों और बाबा का आशीर्वाद पाकर विकास कार्यों को मैं आगे बढ़ा रहा हूं।
जो खुद होश में नहीं, वह यूपी और काशी के बच्चों को नशेड़ी कह रहे
पीएम मोदी ने राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि मोदी को गाली देते-देते तो इन्होंने 2 दशक बिता दिए और अब ईश्वर रूपी जनता-जनार्दन पर, यूपी के नौजवानों पर ही ये लोग अपनी फ्रस्ट्रेशन निकाल रहे हैं। कांग्रेस के युवराज का कहना है कि काशी के नौजवान, यूपी के नौजवान नशेड़ी हैं। जिनके अपने होश ठिकाने नहीं हैं, वो यूपी के, मेरी काशी के बच्चों को नशेड़ी कह रहे हैं। अरे घोर परिवारवादियों… काशी का, यूपी का नौजवान तो विकसित यूपी बनाने में जुटा है, अपना समृद्ध भविष्य लिखने के लिए परिश्रम की पराकाष्ठा कर रहा है। आजकल तो इनके गुस्से का, इनकी बौखलाहट का एक और भी कारण है। इनको काशी और अयोध्या का नया स्वरूप बिल्कुल पसंद नहीं आ रहा। ये अपने भाषणों में राम मंदिर को लेकर कैसी-कैसी बातें करते हैं। मैं ये नहीं जानता था कि कांग्रेस को प्रभु श्रीराम से इतनी नफरत है। ये अपने परिवार और वोटबैंक से बाहर देख नहीं सकते, सोच नहीं सकते। तभी तो हर चुनाव के दौरान साथ आते हैं और जब परिणाम ‘निल बटे सन्नाटा’ आता है तो ये एक-दूसरे को गाली देते हुए अलग हो जाते हैं।
संत रविदास के संकल्पों को पूरा करने का मिला सौभाग्य
गुरु संत रविदास की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद पीएम मोदी ने मंच से जनता को संबोधित किया। उन्होंने बनारस को मिनी पंजाब कहा। कहा कि संत रविदास की कृपा से ही यह संभव है। मैं रविदास की संकल्पों को आगे बढ़ा रहा हूं। मुझे उन्होंने ही सेवा का अवसर दिया है। यह मैं अपना सौभाग्य समझता हूं।
गठबंधन पर पीएम का हमला
पीएम मोदी ने गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि हमारे देश में जाति के नाम पर उकसाने और उन्हें लड़ाने में भरोसा रखने वाले इंडी गठबंधन के लोग दलित, वंचित के हित की योजनाओं का विरोध करते हैं। जाति की भलाई के नाम पर ये लोग अपने परिवार के स्वार्थ की राजनीति करते हैं।
काशीवासियों के सुविधाओं का ध्यान रखना मेरा दायित्व
पीएम ने कहा कि काशी का जनप्रतिनिधि होने के नाते मेरी यह विशेष जिम्मेदारी बनती है कि मैं आप सभी की सुविधाओं का ख्याल रखूं, यह मेरा दायित्व है। इस पावन समय पर मुझे अपना दायित्व पूरा करने का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि आज वाराणसी से हजारों करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास होने जा रहा है जिससे जनता को लाभ मिलेगा। इस योजना में रविदास मंदिर के लिए भी कार्य होगा। सड़कों से लेकर भजन-कीर्तन के लिए भी सुविधाएं दी जाएंगी ताकि भक्तों को आध्यात्मिक लाभ मिले साथ ही उनकी कई परेशानियों से छुटकारा मिल सके।
बनास डेयरी से महिलाएं हुईं सशक्त
बनास डेयरी का उद्घाटन करने के बाद पीएम ने कहा इस योजना से हजारों महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं। उन्होंने कहा पशुपालन को डबल इंजन की सरकार बढ़ावा दे रही है। अन्नदाता को उर्वरकदाता बनाने के लिए प्रयास जारी है। गोबर से बायो सीएनजी बने इस पर काम हो रहा है। इससे प्राकृतिक खेती को बढ़ावा मिलेगा। पीएम ने कहा पहले की सरकार और हमारी सरकार में यही अंतर है कि हम आत्मनिर्भर भारत बनाने का कार्य करते हैं और पहले की सरकारें हर जरूरत की चीजों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहते थे। इससे देश आत्मनिर्भर नहीं हो सकता। उन्होंने कहा की सही निवेश से रोजगार के अवसर कैसे पैदा होते हैं बनास डेयरी इसका उदाहरण है। ये डेयरी बनारस, मिर्जापुर, गाजीपुर, रायबरेली के पशुपालकों से प्रतिदिन दो लाख लीटर दूध इकट्ठा कर रही है। प्लांट चालू होने के साथ चंदौली, बलिया और आजमगढ़ सहित अन्य जिलों के पशुपालकों को भी लाभ होगा। इन जिलों के हजार से अधिक गांवों में दुग्ध मंडियां बनेंगी। पशुपालकों का ज्यादा दूध ज्यादा कीमत पर बिकेगा। ये प्लांट पशुपालकों को बेहतर पशुओं के नस्ल के लिए जागरूक और प्रशिक्षित भी करेगा। साथ ही इससे रोजगार के हजारों नये अवसर बनेंगे। इससे पूरे इलाके में तीन लाख से ज्यादा किसानों की आय बढ़ेगी। यहां दूध के अलावा छाछ, दही, लस्सी, आइस्क्रीम, पनीर सहित अनेक प्रकार की स्थानीय मिठाइयां बनेंगी। इससे इन्हें बेचने वालों को भी रोजगार मिलेगा। ये प्लांट बनारस की मिठाइयों को देश के कोने कोने में पहुंचाने में मदद करेगा। पशु आहार से जुड़े दुकानदार और स्थानीय वितरकों का भी रोजगार बढ़ेगा।
काशी कचरे से कंचन बनाने के मामले में मॉडल बन चुकी है
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार अन्नदाता को ऊर्जादाता बनाने के साथ अब पशुपालकों को उर्वरक दाता बनाने के लिए प्रयासरत है। हम पशुपालकों को दूध के अलावा गोबर से भी कमाई के अवसर दे रहे हैं। डेयरी प्लांट से बायो सीएनजी बने और इस प्रक्रिया में जैविक खाद कम दाम में किसानों को मिले। इससे प्राकृतिक खेती को और बल मिलेगा। गोबरधन योजना के तहत गोबर और दूसरे कचरे से बायोगैस बनाई जा रही है। इससे साफ सफाई के साथ कचरे का पैसा मिलता है। काशी कचरे से कंचन बनाने के मामले में मॉडल बन चुकी है। आज एक और प्लांट का लोकार्पण हुआ है, जहां 600 टन कचरे को 200 टन चारकोल में बदला जाएगा।