अभिषेक मनु सिंघवी चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की कोर्ट में पहुंचे थे। सिंघवी ने केजरीवाल की याचिका का उल्लेख करते हुए कहा कि अगर यह प्रक्रिया चलती रही तो पहला वोट पड़ने से पहले ही कई वरिष्ठ नेता सलाखों के पीछे होंगे।

नई दिल्ली (भाषा ) शराब पॉलिसी केस में गिरफ्तार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट से अपनी अर्जी वापस ले ली है। उन्होंने अपनी गिरफ्तारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। जस्टिस संजीव खन्ना, जस्टिस बेला एम त्रिवेदी और जस्टिस एमएम सुंदरेश की बेंच भी इस केस की सुनवाई के लिए बना दी गई थी। ईडी ने कैविएट दाखिल की है। अदालत से कहा कि कोई भी फैसला देने से पहले हमें भी सुना जाए। 

अरविंद केजरीवाल की ओर से पेश वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि केजरीवाल सुप्रीम कोर्ट में याचिका वापस ले रहे हैं, क्योंकि इसमें रिमांड से टकराव हो रहा है। पहले अरविंद केजरीवाल निचली अदालत में अपना पक्ष रखेंगे।

इससे पहले अभिषेक मनु सिंघवी चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की कोर्ट में पहुंचे थे। सिंघवी ने केजरीवाल की याचिका का उल्लेख करते हुए कहा कि अगर यह प्रक्रिया चलती रही तो पहला वोट पड़ने से पहले ही कई वरिष्ठ नेता सलाखों के पीछे होंगे। कृपया इसे ऊपर लें। जस्टिस खन्ना की अध्यक्षता वाली दो जजों की पीठ ने सिंघवी से कहा कि यदि यह एक लिखित याचिका है तो तीन जजों की पीठ सुनवाई करेगी। 

21 मार्च की रात ईडी ने किया गिरफ्तार
अरविंद केजरीवाल को 21 मार्च की रात मुख्यमंत्री आवास से प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार कर लिया। ईडी की टीम उन्हें 10वां समन देने आई थी। गिरफ्तारी के बाद ईडी केजरीवाल को अपने दफ्तर ले गई। आरएमएल अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने उनका मेडिकल किया।

ईडी की टीम ने फिर से शुरू की पूछताछ
ईडी टीम ने केजरीवाल से दोबारा पूछताछ शुरू कर दी है। उनसे अब तक जुटाए गए सबूतों और गवाहों के बयान के आधार पर सवाल की जा रही है। हालांकि केजरीवाल जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। केजरीवाल को आज दोपहर ढाई बजे पीएमएलए कोर्ट में पेश किया जाएगा। केजरीवाल की रिमांड की कोशिश की जाएगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *