ज्ञानपुर। बार-बार निर्देश के बाद भी बेसिक, माध्यमिक शिक्षा और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अधीन संचालित 40 विद्यालय लापरवाह बने हैं। करीब पांच महीने बाद भी उनकी तरफ से छात्र-छात्राओं के प्रमोशन डाटा यू-डायस पोर्टल पर अपडेट नहीं किया जा रहा है। विभागीय स्तर से विद्यालयों के प्रबंधक-प्रधानाचार्यों को 14 फरवरी तक हर हाल में डाटा अपडेट करने की चेतावनी दी गई है। निर्धारित तिथि तक डाटा अपडेट ने करने वाले विद्यालयों की मान्यता समाप्त की जाएगी। विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के एक से दूसरी कक्षा में पहुंचने के बाद पोर्टल पर उनके डाटा को अगली कक्षा में अपडेट किया जाना है। इसे लेकर विभागीय स्तर से बार-बार दिशा निर्देश जारी किया जा रहा है। इसके बाद भी विद्यालयों की ओर से लापरवाही की जा रही है। अगस्त 2023 से अब तक पहली से 12वीं कक्षा तक संचालित 1867 विद्यालयों ने इसे पूर्ण कर लिया है। करीब पांच महीने बाद भी 40 विद्यालय इसको लेकर लापरवाही बरत रहे हैं। जिससे विभाग की छवि जिले, राज्य स्तर पर धूमिल हो रही है। इन विद्यालयों में जेके लायंस घोसिया, पंडित ताराशंकर मिश्रा इंटर कॉलेज मकनपुर रोही, सोनिया प्राथमिक विद्यालय मवैया हरदोपट्टी, सूर्य नारायण इंटर कॉलेज, सच्चिदानंद शिक्षा निकेतन, मदरसा दारूल उलूम कतुबिया माधोसिंह,जोहरा इंटरनेशनल स्कूल त्रिलोकपुर, गौरव गर्ल्स इंटर कॉलेज चौरी, महादेव सिं इंटर कॉलेज गोपीगंज, संकट मोचन आदर्श बालिका इंटर कॉलेज दानीपट्टी, महादेव मंदिर पिपरिस समेत कुल 40 विद्यालय शामिल हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि स्कूलों के प्रबंधकों को 14 फरवरी तक मौका दिया गया है। उक्त तिथि तक अपडेट न करने पर मान्यता समाप्त करने के लिए पत्र लिखा जाएगा।