वाराणसी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की न्याय यात्रा चंदौली के रास्ते वाराणसी आ रही है। इसके लिए कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन के सभी नेताओं को आमंत्रित किया है। कांग्रेस की चंदौली में 16 फरवरी व 17 फरवरी को वाराणसी में न्याय यात्रा आयोजित होनी है। इसकी जानकारी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। अजय राय ने बताया कि राहुल गांधी की न्याय यात्रा 16 फरवरी को बाबा कीनाराम की धरती चंदौली में आ रही है। हर कांग्रेस कार्यकर्ता मजबूती से इस यात्रा का स्वागत करेगा। इस दौरान चंदौली के सैयदराजा में लाखों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी का स्वागत करेंगे। 

पड़ाव पर विश्राम करेंगे राहुल

इसके बाद राहुल गांधी 16 फरवरी को पड़ाव स्थित अवधूत भगवान राम आश्रम में विश्राम करेंगे। अगले दिन यानी 17 फरवरी की सुबह राहुल गांधी की न्याय यात्रा पड़ाव से निकलकर गोलगद्दा के रास्ते बाबा विश्वनाथ का दर्शन करके फिर यात्रा आगे बढ़ेगी। इस यात्रा में कांग्रेस प्रदेश सचिव प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव एवं अन्य वीआईपी को भी आमंत्रित किया गया है। जिनके सम्मिलित होने की पूर्ण संभावना है। 

गोदौलिया पर करेंगे जनसभा

अजय राय के मुताबिक, राहुल गांधी गोदौलिया चौराहे पर जनसभा को संबोधित करेंगे। उसके बाद यह यात्रा आगे बढ़ेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि अगर भाजपा 400 प्लस सीटों की बात कर रही है, तो उसे RLD और नीतीश कुमार की ज़रूरत क्यों पड़ रही है? भारतीय जनता पार्टी केवल ईडी और सीबीआई की इस्तेमाल कर रही है। इंडिया गठबंधन में कोई बिखर नहीं रहा है। पूरी ताकत से इंडिया गठबंधन लोकसभा चुनाव में उतर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *