वाराणसी, सन्मार्ग। सिगरा थाना के इंग्लिशिया लाइन स्थित किताब के दुकान में सोमवार की भोर में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और किताबें धू-धूकर जलने लगीं। इससे अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। सूचना के बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने अथक प्रयास कर आग पर काबू पाया। आगलगी की घटना में लगभग 60 लाख के नुकसान की बात सामने आ रही है।

इंग्लिशिया लाइन में विनोद यादव की कृष्ण बुक एजेंसी का गोदाम है। सोमवार की भोर में गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। दुकान से धुआं उठता देख लोग सशंकित हो गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान से आग की लपटें निकलने लगीं। आग अगल-बगल की दुकानों तक भी पहुंच गई। बगल में कपड़े की दुकान है।

इससे आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी। सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों को दूर हटा दिया गया। अग्निशमन कर्मियों ने किसी तरह पानी डालकर आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि एक बुक एजेंसी की किताबें यहां लाकर रखी जाती थीं। रोजाना एक ट्रक किताबें आती थीं। आगलगी की घटना में लगभग 60 लाख से अधिक का नुकसान हुआ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *