वाराणसी। श्रीसंकटमोचन मंदिर प्रांगण में जगहितार्थ सार्वजनिक संगीतमय श्रीरामचरितमानस पाठयज्ञ का आयोजन,अखाड़ा गोस्वामी तुलसीदास वाराणसी के सौजन्य से तथा महंत परिवार के निर्देशन में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित हुआ।युवापीढ़ी तथा जनमानस में श्री रामचरितमानस के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए विगत 13 वर्षों से कई प्रतियोगिताओं का आयोजन हो रहा है। इस वर्ष 15,17,19 फरवरी को जिलास्तरीय फैंसी ड्रेस कंपटीशन जूनियर वर्ग जिसमें कक्षा 1 से 5 तक,चित्रकला प्रतियोगिता 6 से 9 तक तथा भाषण प्रतियोगिता में कनिष्ठ वर्ग में 6 से 12 तक एवं वरिष्ठ वर्ग में स्नातक और परास्नातक वर्ग की प्रतियोगिताएं क्रमिक रुप से आचार्य राघवेन्द्र पाण्डेय के कुशल प्रबंधन में संपादित हुए।
कार्यक्रम के अंतिम दिवस महंत प्रो.विश्वम्भरनाथ मिश्र की अध्यक्षता में सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ.परमेश्वर दत्त शुक्ल,सारस्वत अतिथि राजकुमार सिंह थे। सभी प्रतियोगिताओं का विषय श्री रामचरितमानस पर आधारित था तथा भाषण प्रतियोगिता का विषय वर्तमान समय में भगवान श्रीराम “आस्था या प्रदर्शन” पर विभिन्न प्रतिभागियों ने अपने विचार व्यक्त किये, जिसमें काशी हिंदू विश्वविद्यालय संस्कृत विभाग के श्रीश दत्त शुक्ल ने प्रथम स्थान,शिवशंकर त्रिपाठी ने द्वितीय,श्रेयापाण्डेय ने तृतीय तथा सांत्वना पुरस्कार निखिल कुमार को मिला। इसके अतिरिक्त तुलसी विद्या निकेतन,बंगाली टोला,दिल्ली पब्लिक स्कूल आदि कई विद्यालयों के छात्रों ने उत्साह पूर्वक विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर पुरस्कार रूप में सर्टिफिकेट तथा मानस की पुस्तक प्राप्त किया।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन राघवेंद्र पांडे ने किया सभी भक्तों में प्रसाद वितरित हुआ। इस अवसर पर डॉ०ऋतुराज कात्यायन,प्रशांत राय,नंदलाल उपाध्याय आदि काशी के विशिष्ट जनों की उपस्थिति रही।