दूर-दराज से आए शव यात्रियों को उठानी पड़ रही परेशानी

वाराणसी, सन्मार्ग। राजघाट इलाके में शव यात्रियों के लिए वाहन पार्किंग की मुकम्मल व्यवस्था न होने के कारण पूरे इलाके में शुक्रवार को भी जाम लगा रहा। वहीं दूर दराज से शव लेकर आए लोगों को पर्याप्त संख्या में एनडीआरएफ की मोटर बोर्ड नहीं होने के कारण प्राइवेट नावों का सहारा लेना पड़ा। जिला प्रशासन के द्वारा गुरुवार से वाराणसी समेत आसपास के जिलों से शव दाह के लिए काशी आने वाले वाहनों को डायवर्ट कर भैसासुर घाट की ओर भेजा जा रहा है। इस अभियान के पहले दिन गुरुवार को सुबह से लेकर देर शाम तक राजघाट समेत क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में शव यात्रियों के वाहन और बाहर से आई दर्शनार्थियों की बसों के कारण जाम की स्थिति बनी हुई थी। जाम में फंसे लोग चलने के बजाए रेंग कर आगे बढ़ रहे थें। शुक्रवार की सुबह 11:00 से राजघाट, भैसासुर घाट, भदऊचुंगी, वसंता कालेज तिराहा, नमो घाट पर जाम लग गया। स्थिति ऐसी थी कि नमो घाट से भदऊचुंगी के बीच गोलंबर नुमा रोड पर लोग घंटों जाम में फंसे हुए थें। घंटों जाम लगने के बाद भी ट्रैफिक पुलिस क्षेत्र में कहीं भी नजर नहीं आई। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन के द्वारा लागू की गई इस व्यवस्था के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी ओर पड़ाव से वाराणसी की ओर आने-जाने वाले राहगीरों को भी जाम के झाम में पड़ कर घंटों परेशान होना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *