वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार की रात वाराणसी पहुंचेंगे। पीएम 23 फरवरी को सीरगोवर्धन और करखियांव में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री सीर गोवर्धन जाएंगे। वहां संत शिरोमणि की प्रतिमा के सामने शीश नवाएंगे। वहीं संगत में लंगर भी छकेंगे। 

परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास 
अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के ठीक एक महीने बाद प्रधानमंत्री 18 घंटे के प्रवास पर वाराणसी पहुंच रहे हैं। सीरगोवर्धन में जनसभा को संबोधित करने से पहले वे बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में सांसद खेलकूद, फोटोग्राफी, ज्ञान और संस्कृत प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत कर उनसे संवाद भी करेंगे। दोपहर बाद पिंडरा के करखियांव में अमूल प्लांट सहित पूर्वांचल को 14316.07 करोड़ रुपये की 36 परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 10972 करोड़ की 23 परियोजनाओं का लोकार्पण और 3344.07 करोड़ रुपये की 13 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

एयरपोर्ट से बरेका गेस्ट हाउस तक भव्य स्वागत 
प्रधानमंत्री 22 फरवरी की देर रात सूरत से सीधे वाराणसी आएंगे। यहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व सीएम योगी आदित्यनाथ उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री बरेका जाएंगे। बरेका गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। एयरपोर्ट से बरेका गेस्ट हाउस तक पीएम मोदी के भव्य स्वागत की तैयारी की गई है। 23 फरवरी को पीएम सीरगोवर्धन स्थित रविदास मंदिर जाएंगे। संत निरंजन दास से मुलाकात करेंगे। पीएम मोदी यहां जनसभा को संबोधित करके संत रविदास की 25 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करेंगे।

पशुपालकों को बाटेंगे लाभांश 
पीएम बनास काशी संकुल का औद्योगिक क्षेत्र करखियांव में उद्घाटन करेंगे। अमूल प्लांट बनास डेयरी से जुड़े किसानों को लाभांश भी वितरित करेंगे। करखियांव में भेल के प्रस्तावित प्लांट की जमीन पर जनसभा के लिए पहुंचेंगे। इससे पहले वे अमूल प्लांट का भ्रमण कर यहां गीर गाय के गोपालकों से उनके अनुभव जानेंगे। प्रधानमंत्री मंच पर लेखपाल, एएनएम सहित अन्य विभागों में रोजगार पाने वालों को प्रमाणपत्र देंगे। पूर्वांचल के जीआई उत्पादों के ऑथराइज्ड यूजर को टैग और बुजुर्ग दिव्यांगों को उपकरण वितरित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *