वाराणसी। चौबेपुर थाना के मुस्तफाबाद सोता पुल के समीप खेत से दौड़ता हुआ घड़रोज आकर बाइक से टकरा गया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। वहीं बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुस्तफापुर रेता पार निवासी गोलू साहनी पुत्र दिनेश साहनी (24 वर्ष) व सूरज पुत्र अमरनाथ (24 वर्ष) पशुओं के लिए चुनी-चोकर लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। उसी दौरान मुस्तफाबाद सोता पुल के पास खेतों से दौड़ता हुआ घड़रोजों का झूंड सड़क पार करने लगा और बाइक से टकराते हुए आगे निकल गया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। वहीं बाइक सवार युवकों को गंभीर चोटें आईं। यह देख पास पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। घायल युवकों के परिजनों और पुलिस को सूचना दी।  मौके पर पहुंचे परिजनों और पुलिस ने घायलों को सीएचसी नरपतपुर पर ले आए, जहां चिकित्सा अधीक्षक डॉ राजनाथ राम ने गोलू साहनी को मृत घोषित कर दिया। 

सूरज को अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। वह खतरे से बाहर है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार गोलू साहनी का विवाह गत वर्ष हुआ था। पिता दिनेश साहनी मजदूरी का कार्य करते थे। घटना की जानकारी होने पर माता बबुई देवी व पत्नी सपना का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *