सीपी मोहित की पहल पर बनाई जायेगी बनेगी स्थानीय लोगों और पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी टीम
वाराणसी, सन्मार्ग। मंडुवाडीह चौराहे पर जाम की समस्या के समाधान के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने नई व्यवस्था बनाई है। जिसके तहत शुक्रवार से डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। जो कि 15 दिन के लिए प्रायोगिक रहेगा। महमूरगंज की ओर से आने वाले जिन वाहनों को मंडुवाडीह थाना, मुड़ैला, चांदपुर या लहरतारा जाना होगा, वह मंडुवाडीह चौराहा से बाएं मुड़कर सौ मीटर आगे तक जाएंगे। फिर, दाएं मुड़कर वापस अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
इसी तरह से मंडुवाडीह थाना की ओर से आने वाले जिन वाहनों को महमूरगंज या बनारस स्टेशन की ओर जाना होगा, वह मंडुवाडीह चौराहे से बाएं मुड़कर सौ मीटर आगे जाएंगे। फिर, दाएं मुड़कर वापस अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
प्रायोगिक तौर पर शुरू की गई। इस व्यवस्था के परिणाम सकारात्मक आए तो इसे स्थायी कर दिया जाएगा। पुलिस आयुक्त गुरुवार की देर रात मंडुवाडीह थाने पहुंचे। उन्होंने मंडुवाडीह इलाके में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए स्थानीय लोगों और पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी कमेटी का गठन करने को कहा। मंडुवाडीह थाने में स्थानीय दुकानदारों से बातचीत कर यातायात संबंधी समस्याओं और सुझाव की जानकारी ली। पुलिस आयुक्त ने बताया कि ट्रैफिक एडवाइजरी कमेटी का गठन जल्द किया जाएगा। इसमें स्थानीय लोगों को एक कार्ड जारी किया जाएगा। उसमें पुलिस अफसरों के नंबर दर्ज होंगे। 15 मिनट से अधिक समय तक जाम लगने पर उन्हें पुलिस अधिकारियों को सूचना देनी होगी।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि आवागमन के लिए इलाके के अन्य संपर्क मार्गों का भी इस्तेमाल करने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए इलाकाई लोगों को विकल्प तलाशने के लिए कहा गया है।