Mahashivratri Live Kashi Vishwanath Dham visited Lakhs devotees see photos

 वाराणसी। शिवभक्तों की आस्था के सबसे बड़े उत्सव महाशिवरात्रि पर काशी में बाबा विश्वनाथ दरबार में हर-हर महादेव के जयकारे गूंज रहे। विश्वनाथ धाम में लाखों भक्तों की कतार लगी है। भोर से ही भक्त बाबा के दर्शन को आतुर दिख रहे हैं। महाशिवरात्रि पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन का नया रिकॉर्ड ही बना दिया।

शाम छह बजे तक 7.81 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा दरबार में दर्शन किए। इससे पहले एक जनवरी 2024 को 7.25 लाख लोगों ने बाबा के दर्शन किए थे। आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को एक सेकंड में 14 श्रद्धालुओं ने बाबा के झांकी दर्शन किए। मंगला आरती से शुरू हुआ दर्शन-पूजन का सिलसिला अनवरत 45 घंटों तक चलेगा।

शुक्रवार की भोर में मंगला आरती के बाद 3:15 बजे से दर्शन-पूजन के लिए मंदिर के कपाट खुल गए। मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने कतारबद्ध श्रद्धालुओं पर गुलाब के फूल बरसाकर स्वागत किया। सात घंटे पहले से ही कतार में लगे हुए श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक था। गेट नंबर चार से एक कतार दशाश्वमेध घाट की तरफ तो दूसरी कतार चौक थाने के आगे तक लगी थी। हर-हर महादेव… और जय श्रीराम… का जयघोष करते हुए श्रद्धालुओं का रेला बाबा के धाम में प्रवेश करने लगा।

सुबह छह बजे तक 1.78 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा दरबार में दर्शन किए। दर्शनार्थियों का आंकड़ा प्रति सेकंड 16 श्रद्धालुओं का रहा। नौ बजे तक 3.88 लाख, 10 बजे तक 4.53 लाख, 11 बजे तक 4.94 लाख, 12 बजे तक 5.42 लाख, एक बजे तक 5.98 लाख, दो बजे तक 6.56 लाख, तीन बजे तक 6.82 लाख, चार बजे तक 7.26 लाख, पांच बजे तक 7.57 लाख और शाम छह बजे तक 7.81 लाख ने दर्शन किए थे। इस दौरान दर्शनार्थियों पर फूल भी बरसाए गए। महाशिवरात्रि का पर्व श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस पर्व पर देश विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा के दरबार में पहुंच रहे हैं। भक्तों ने भोर से ही बाबा का जलाभिषेक कर जीवन मंगल की कामना की।  

महाशिवरात्रि पर्व पर बाबा दरबार में बाबा श्री काशी विश्वनाथ की एक झलक पाने के लिए दर्शनार्थी गुरुवार की शाम से ही कतार बद्ध होकर सभी प्रवेश द्वारों पर इंतजार करने लगे। मंगला आरती के पश्चात जैसे ही भोर में 4 बजे बाबा का पट आम दर्शनार्थियों के लिए खुला सभी श्रद्धालु हर हर महादेव और बोल बम के जयकारे लगाते हुए बाबा दरबार में पहुंचे और जलाभिषेक कर जीवन मंगल कामना की।इस वर्ष महाशिवरात्रि के बाबा विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन के लिए लगभग 10 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में दर्शन के लिए बहुत अधिक भीड़ देखने को मिल रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *