हादसे में दो की मौत, एक घायल, तीनों साइकिल से जा रहे थे चौबेपुर अखबार का बंडल लेने

चौबेपुर, सन्मार्ग। चौबेपुर क्षेत्र के ढकवां गांव के समीप शनिवार की सुबह एक अनियंत्रित कार ने तीन समाचार पत्र विक्रेताओं को कुचल दिया। हादसे में दो समाचार पत्र विक्रेताओं की मौत हो गई। वहीं, तीसरा गंभीर रुप से घायल है। हादसा तब हुआ जब तीनों विक्रेता समाचार पत्र लेने पंडापुर जा रहे थें। मृतकों में संजीव कुमार 35 वर्ष और शैल कुमार 34 वर्ष हैं। वहीं, प्रमोद कुमार 32 वर्ष की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद गुस्साए लोगों ने वाराणसी-गाजीपुर हाइवे जाम कर दिया। मामले की जानकारी पाकर मौके पर एडीसीपी, एसीपी सारनाथ, चौबेपुर थाने की पुलिस और एसडीएम पहुंचे। जाम करने वालों की मांग थी कि हाईवे पर मौत के समान चलने वाली गाडिय़ों की रफ्तार धीमी की जाए और मृत पत्र विक्रेताओं के परिजनों को मुआवजा दिया जाए। जाने के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया। जिसके बाद पुलिस ने मृत पत्रविक्रेताओं के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।


चौबेपुर के ढकवां गांव निवासी शैल कुमार राम पुत्र स्व. अमर देव प्रसाद, संजीत कुमार पुत्र अजगुत प्रसाद और प्रमोद कुमार पुत्र दशरथ पत्र विक्रेता हैं। सुबह तीनों अखबार का बंडल लेने चौबेपुर की ओर जा रहे थें। पंडापुर तिराहे के समीप अनियंत्रित कार पीछे से साइकिल सवार तीनों समाचार विक्रेताओं को रौंदते हुए आगे निकल गई। घटना स्थल पर चचेरे भाई शैल कुमार व संजीत कुमार की मौत हो गई। जबकि प्रमोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर ले जाया गया।

लोगों ने किया सड़क जाम

घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग हाइवे पर आ गए। गुस्साए ग्रामीणों ने हाइवे पर सुबह सवा 6 बजे से सवा 9 बजे तक जाम लगा दिया। घटना की सूचना मिलने पर सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. एजीलर्सन, उपजिलाधिकारी सदर, आईपीएस सरवन, एसीपी सारनाथ अतुल अंजान, प्रभारी निरीक्षक विद्या शंकर शुक्ला भी पहुंचे ग्रामीणों की मांग पर उन्हें आर्थिक सहायता दिलाने, कार चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाम खत्म हुआ। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेज दिया।

बलिया के अपर मुख्य अधिकारी के पत्नी के नाम रजिस्टर्ड है कार
समाचार पत्र विक्रेताओं को रौंदने वाली कार बलिया जिले के अपर मुख्य अधिकारी की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक नेशनल हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार की पहचान की गई है। कार पर जो नंबर दर्ज है वह अपर मुख्य अधिकारी बलिया के पत्नी के नाम दर्ज है। कार को पुलिस ने पकड़ लिया है। एसीपी सारनाथ अतुल अंजान ने बताया कि दुर्घटना के वक्त कर कौन चला रहा था इसका पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *