
वाराणसी। राजातालाब थाना के बंगालीपुर गांव में भैस को चारा डालने जा रही महिला को पड़ोसियों ने मारपीटकर घायल कर दिया। परिजनों ने आननफानन में उसे एंबुलेंस से सीएचसी आराजीलाइन ले गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है। बंगालीपुर गांव निवासी नंदलाल ने राजातालाब पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मेरी पत्नी उषा देवी (33 वर्ष) घर के समीप नांद पर बंधे भैंस को चारा डालने जा रही थी। उसी दौरान अचानक पड़ोसी नन्हे, ममता उर्फ गुड्डी, संध्या, उजाला, सालिनी व गोलू ने गाली गलौज देने के साथ ही लाठी डंडे, लात-घूसों से मारने-पीटने लगे। इससे मेरे पत्नी को गम्भीर चोटें आई। ऊषा का सिर भी फट गया। शोर-शराबा के बाद मारने पीटने वाले लोग जान से मारने व झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए अपने घर की तरफ भाग निकले।
महिला के पति नंदलाल ने एसीपी अजय श्रीवास्तव से मिलकर राजातालाब पुलिस पर आरोप लगाया कि मुकदमा दर्ज करने के बाद भी मेडिकल नहीं कराया गया। शिकायत का संज्ञान लेते हुए एसीपी ने राजातालाब पुलिस को मेडिकल कराने का निर्देश दिया। एसीपी ने न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।