वाराणसी। श्रीराम शिवोत्सव मारकंडेय महादेव महोत्सव कैथी के आखिरी दिन सोमवार की रात भजन सम्राट अनूप जलोटा के सुरो के जादू छाया रहा। उपस्थित जनसमूह अनूप जलोटा के सुरो में डूबते-उतराते रहे। हो भी क्यों न, सुर सम्राट ने अंतिम निशा को यादगार जो बना दिया। 

‘यशोमति मैया से बोले नंदलाला…’, ‘प्रभु जी तुम चंदन हम पानी…’, ‘पायो जी मैंने राम रतन धन पायो…’। भजन सम्राट अनूप जलोटा की खनकती आवाज में जब इन भजनों के शब्द फूटे तो लोगों की तालियों की गड़गड़ाहट से समूचा वातावरण गूंज उठा। करीब डेढ़ घंटे तक एक के बाद एक भजनों की शानदार प्रस्तुति पर लोग देर रात तक मगन होकर झूमते रहे।इसके पहले भोजपुरी गायिका आराधना सिंह ने ‘मारकंडेय महादेव इच्छा से हम द्वार तिहारे आए है’, ‘त्रेता राम ना होते द्वापर घनश्याम ना होते’, ‘चोरी-चोरी घर में आए माखन मोरा सारा खाए’, ‘कैथी मारकंडे जी की महिमा अपार बा’ आदि प्रस्तुति की। इन गीतों पर लोगों का भरपूर प्यार मिला। इसके बाद मनोहर सिंह ने शिव बैरागी शिव अनुरागी, दीप जलाओ रोशन कर दो मेरे राम आए है सहित एक से बढ़कर एक गाना प्रस्तुत किया।इसी बीच केंद्रीय मंत्री डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय ने भी गायक से मिलकर सुर से सुर मिलाया, जिससे माहौल खुशनुमा बना दिया। इसके अलावा रितेश पांडेय ने भी एक से बढ़कर एक गाना गाया, जिससे दर्शक गुदगुदाने लगे। यह कार्यक्रम केंद्रीय मंत्री व चंदौली के सांसद डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय के प्रयास से संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश, उत्तर मध्य क्षेत्र संस्कृति केंद्र संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार और जिला प्रशासन वाराणसी ने संयुक्त रूप से आयोजित किया।इस दौरान डॉ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने हर साल मारकंडे महादेव महोत्सव कराने का भरोसा दिलाया और सभी को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, जय प्रकाश पांडेय, मंजीत सिंह, श्रीनिकेतन मिश्रा, रामप्रकाश दुबे, हरिवश उपाध्याय, राजेश गुप्ता, शनीश सिंह रघुवंशी, आकाश सिंह आदि लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *