शिवपुर। चोरी की वारदात को अंजाम देने हेतु वीडीए कालोनी (चाँदमारी) के एक घर मे घुसे चोर शोरगुल सुनकर बाहर आये और पड़ोसी पर रिवॉल्वर तान कर कहा कि रास्ते से हट जाओ वरना गोली मार दूंगा, चोर के साथी ने कहा कि गोली मार दो इसको। साथ ही घर मे घुसे अन्य साथियों को आवाज लगाते हुए असलहाधारी चोर ने कहा कि बबवा जल्दी भाग, इसके बाद चोर भाग निकले।
मिली जानकारी के अनुसार शिवपुर थाना क्षेत्र के वीडीए कॉलोनी (चांदमारी) में पेशे से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव आंनद मोहन श्रीवास्तव का घर है। वर्तमान समय वह कलकत्ता में अपनी पुत्री के घर गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार बीतीरात लगभग 3 बजे में असलहा लेकर चार की संख्या में चोर आनंद मोहन श्रीवास्तव के मकान में घुस गए और अंदर के कमरों का ताला और दरवाजा तोड़ने लगे। तोड़फोड़ की आवाज सुनकर आनंद मोहन श्रीवास्तव के पड़ोस में रहने वाले डॉक्टर शुभम त्रिपाठी की नींद खुल गई और वह घर से बाहर निकलने का प्रयास किये तो उनके घर का दरवाजा चोरों ने बाहर से बन्द कर दिया था। डॉक्टर त्रिपाठी ने फोन कर बगल में रहने वाले गिरधर दुबे को बताया कि उनके घर का दरवाजा बाहर से बंद है, इसपर गिरधर दुबे ने आकर दरवाजा खोला। बाहर आने पर डॉक्टर त्रिपाठी और गिरधर दुबे ने देखा कि पड़ोसी आनन्द मोहन श्रीवास्तव के घर का दरवाजा खुला है और अन्दर मोबाइल की रोशनी जल रही है। शोरगुल सुनकर घर मे घुसे चोरों में से दो चोर बाहर आ गए। गिरधर दुबे ने बताया कि उनमें से एक चोर ने उनपर रिवॉल्वर तान कर बोला कि हट जाओ नहीं तो गोली मार दूँगा, साथ ही दूसरे चोर ने कहा कि इसको गोली मार दो।

परिस्थिति को भापते हुए गिरधर दुबे पीछे हट गए तो चोरों ने घर मे घुसे अन्य साथयों को आवाज देते हुए चिल्लाया की बबवा भाग यहां से। इतने पर घर में घुसे दो अन्य चोर निकले और चारो चोर भाग निकले। पड़ोस में रहने वाले डॉक्टर शुभम त्रिपाठी ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने लगभग 5-6 बार लगातार पुलिस कंट्रोल रूम (112 नंबर) पर फोन मिलाया लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ, लगभग 15 मिनट बाद फोन रिसीव होने पर सूचना दिया गया तो मौके पर पुलिस पहुँची। डॉ त्रिपाठी ने बताया कि मकान मालिक आनंद मोहन श्रीवास्तव को फोन द्वारा सूचना दे दिया गया है। वाराणसी वापस आने पर आनन्द श्रीवास्तव ने शुक्रवार को लगभग 2 बजे दोपहर में 150000 लाख रुपये मूल्य के गहन की चोरी का मुकदमा दर्ज कराने हेतु शिवपुर थाना में तहरीर दिया।
विदित हो कि बीते 20 अगस्त 2023 में इसी वीडीए कॉलोनी (चांदमारी) में एनटीपीसी से रिटायर्ड कर्मचारी भईया लाल के बगल में सो रही ढाई वर्षीय पोती को दिनदहाड़े लगभग 1.30 बजे चाकू की नोक पर बदमाशों द्वारा उनके घर मे ही बंधक बना कर 10 लाख रुपये की मांग करने की घटना हुई थी। तब एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी एवं क्राइम ब्रांच के प्रभारी सुनील सिंह की तत्परता एवं सूझबूझ से 2 घंटे बाद बच्ची को बदमाशों के चंगुल से छुड़ाया गया था। इस घटना में एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी को भी चोट लगी थी।
मनबढ़ और हौसला बुलंद बदमाशों द्वारा इस तरह की घटना को अंजाम देना पुलिस के लिए एक गंभीर चुनौती है।
लोगों ने बताया कि बच्ची को बंधक बनाने की घटना के बाद पुलिस गस्त करती थी लेकिन कुछ दिन बाद पुलिस का गस्त करना बंद हो गया।