वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र 43वीं बार सौगातों का पिटारा लेकर काशी पहुंचेंगे। इस दौरान 31 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। लेखपालों को नियुक्ति पत्र बांटेंगे। वहीं सरकार के काम का हिसाब भी देंगे। प्रधानमंत्री 22 फरवरी की रात काशी आएंगे। प्रशासन के मुताबिक, पीएम अब तक 31 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात दे चुके हैं। आस्था के साथ ही स्वास्थ्य, परिवहन और शिक्षा को बेहतर बनाने पर ज्यादा ध्यान दिया गया है। स्मार्ट सिटी परियोजना का काम तेजी से हो रहा है। पीएम मोदी दो दिवसीय दौरे पर काशी आएंगे। शुक्रवार को जनसभा करेंगे। साथ ही विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास करेंगे। यह पहला मौका होगा, जब पीएम काशी के विकास पर बन रही काफी टेबल बुक का लोकार्पण करेंगे। इसके जरिये काशी की जनता को अपनी उपलब्धियां बताएंगे।

बीएचयू के सुपर स्पेशियालिटी ब्लॉक, ईएसआई अस्पताल और कैंसर अस्पताल का शिलान्यास, लोकार्पण भी पीएम मोदी ने किया था। वाराणसी और कैंट रेलवे स्टेशन का कायाकल्प हुआ है। रिंग रोड की सौगात मिली है। शहर की आंतरिक और बाहरी क्षेत्र की सड़कें फोरलेन या फिर सिक्सलेन हो गई हैं। ओवरब्रिज बने हैं। काशी को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस पर एक हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अब दुनिया का तीसरा पब्लिक ट्रांसपोर्ट का रोपवे भी बन रहा है। इसका निर्माण 2025 में पूरा होगा, लेकिन पीएम मोदी रोपवे के कोच जनता को समर्पित करेंगे। अमूल डेयरी प्लांट का लोकार्पण होगा। इस डेयरी से पूर्वांचल के किसानों की किस्मत बदल सकती है।

लेखपालों में बांटेंगे नियुक्ति पत्र 
प्रधानमंत्री 23 को करखियांव में होने वाली जनसभा से पहले हाल में ही तैनात लेखपालों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। मंच पर प्रधानमंत्री के हाथों प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले वाराणसी मंडल के पांच लेखपालों का चयन किया जा रहा है। इसके साथ ही पीएम मोदी पूर्वांचल के जीआई उत्पादों के ऑथराइज्ड यूजर को टैग भी सौपेंगे।


रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों को भी मंच पर ऑफर लेटर प्राप्त करने का मौका मिल सकता है। इसके अलावा गाय पालकों सहित सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फरवरी को दो दिवसीय काशी प्रवास पर आएंगे। 22 फरवरी की रात में पीएम मोदी सूरत से वाराणसी पहुंचेंगे और बरेका गेस्ट हाउस में ही रात्रि प्रवास करेंगे। अगले दिन स्वतंत्रता भवन में सांसद खेलकूद, सांसद फोटोग्राफी, सांसद ज्ञान और सांसद संस्कृत प्रतियोगिता के विजेताओं से भी संवाद करेंगे। इसके बाद वे सीर गोवर्धन स्थित संत रविदास मंदिर जाएंगे और संत निरंजन दास से मुलाकात के बाद संगत को संबोधित करेंगे।

संगठन के साथ 22 की रात में कर सकते हैं बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा संगठन के पदाधिकारियों के साथ 22 फरवरी की रात बरेका गेस्ट हाउस में बैठक कर सकते हैं। फिलहाल संगठन की ओर से यह प्रस्ताव दिया गया है। मगर, अभी इस पर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। सूत्रों के अनुसार पीएम मोदी संगठन के कुछ पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *